स्वास्थ्य सुविधा में इजाफा ! जावरा विधानसभा क्षेत्र को मिले छह नए RBSK डॉक्टर, आंगनवाड़ियों और स्कूलों में जाकर करेंगे बच्चों की जांच

जावरा विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत छह नए आरबीएसके चिकित्सकों की नियुक्ति। स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों का होगा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण।

स्वास्थ्य सुविधा में इजाफा ! जावरा विधानसभा क्षेत्र को मिले छह नए RBSK डॉक्टर, आंगनवाड़ियों और स्कूलों में जाकर करेंगे बच्चों की जांच
जावरा के सिविल अस्पताल को मिले 6 नए आरबीएसके डॉक्टर।

आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों का करेंगे स्वास्थ्य परीक्षण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मिली पदस्थापना

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जावरा विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत छह नए चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। ये चिकित्सक क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में पहुंचकर 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। इस व्यवस्था से बच्चों में जन्मजात विकृतियों, बीमारियों और पोषण संबंधी कमियों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

सिविल हॉस्पिटल जावरा के सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों की निःशुल्क जांच एवं उपचार का प्रावधान है। इसके अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों की स्क्रीनिंग कर उनके स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाता है। इसका उद्देश्य जन्मजात विकृतियों, बीमारियों, विकास संबंधी देरी और पोषण संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान करना है। सुपरवाइजर दवे के अनुसार, जावरा विधानसभा क्षेत्र में छह आरबीएसके चिकित्सकों की पदस्थापना के आदेश जारी हुए हैं। इनमें जावरा ब्लॉक में डॉ. लोकेश पाटीदार, डॉ. हेमंत गौड़, डॉ. वजीहा कुरैशी और डॉ. बुशरा अंसारी तथा पिपलौदा ब्लॉक में डॉ. रंजना पटेल एवं डॉ. प्रतीक जायसवाल को पदस्थ किया गया है। इन चिकित्सकों के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों तक स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी।

ये भी पढ़ें

बच्चों में इन समस्याओं की होती हैं जांच

दवे ने बताया कि कार्यक्रम के तहत दिल में छेद, कटे होंठ, टेढ़े पैर जैसी जन्मजात समस्याओं के साथ ही खून की कमी, टीबी, कान संबंधी परेशानी, कम वजन, विटामिन की कमी और कुपोषण की पहचान की जाती है। इन समस्याओं के कारण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रभाव पड़ सकता है। वहीं, देर से चलना और बोलना जैसी विकास संबंधी समस्याओं की भी जांच की जाती है, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर उपचार एवं देखभाल मिल सके।

ये भी पढ़ें