भोपाल में तीसरे मोर्चे की सियासी लामबंदी ! BAP विधायक कमलेश्वर डोडियार समेत कई दलों के नेता जुटे, विधानसभा घेराव की तैयारी

भोपाल में तीसरे मोर्चे के राजनीतिक दलों की बैठक में विधायक कमलेश्वर डोडियार सहित कई नेता शामिल हुए। जल-जंगल-जमीन, आदिवासी अधिकारों और जनहित के मुद्दों पर साझा संघर्ष तथा विधानसभा घेराव की रणनीति बनाने का निर्णय लिया गया।

भोपाल में तीसरे मोर्चे की सियासी लामबंदी ! BAP विधायक कमलेश्वर डोडियार समेत कई दलों के नेता जुटे, विधानसभा घेराव की तैयारी
तीसरे मोर्चे की सियासी लामबंदी के लिए उपस्थित BAP विधायक कमलेश्वर डोडियार एवं अन्य दलों के नेता।

जल-जंगल-जमीन, आदिवासी अधिकार, किसान और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर साझा संघर्ष का ऐलान; जन संगठनों के साथ मिलकर प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज करने की रणनीति बनी

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । मध्यप्रदेश की राजनीति में तीसरे मोर्चे को मजबूत करने की कवायद तेज होती नजर आ रही है। राजधानी भोपाल के पटेल नगर में तीसरे मोर्चे से जुड़े विभिन्न राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें भारत आदिवासी पार्टी (बाप) के विधायक कमलेश्वर डोडियार सहित कई दलों के नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में प्रदेश के ज्वलंत जनहित के मुद्दों पर साझा संघर्ष करने और आने वाले दिनों में आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने का निर्णय लिया गया।

बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा के गैर-कांग्रेस और गैर-भाजपा दलों के एकमात्र विधायक तथा भारत आदिवासी पार्टी (BAP) से सैलाना के विधायक कमलेश्वर डोडियार शामिल हुए। उनके साथ राष्ट्रीय जनता दल (राजद), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (सीपीआई-एमएल), फॉरवर्ड ब्लॉक सहित अन्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक में आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, किसानों और मजदूरों की समस्याओं, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा गरीब एवं वंचित वर्गों से जुड़े सवालों पर विस्तार से चर्चा हुई। सर्वसम्मति से तय किया गया कि इन मुद्दों को लेकर प्रदेश के विभिन्न जन संगठनों, सामाजिक संगठनों और जन आंदोलनों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त संघर्ष किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

विधानसभा घेराव सहित बड़े आंदोलनों की बनेगी रणनीति

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर विधानसभा घेराव सहित विभिन्न जनआंदोलनों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। नेताओं ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर जनता के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की रक्षा के साथ आदिवासी समाज, किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों के मुद्दों को मजबूती से उठाने की जरूरत है। इसके लिए राजनीतिक दलों को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा।

वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर साझा मंच बनाने पर जोर

नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों पर वैचारिक मतभेदों को पीछे छोड़कर साझा मंच तैयार करना समय की आवश्यकता है। इसका उद्देश्य जनता की आवाज को संगठित तरीके से सरकार और विधानसभा तक पहुंचाना है। बैठक का निष्कर्ष रहा कि प्रदेश के जल, जंगल, जमीन, संविधान प्रदत्त अधिकारों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए तीसरे मोर्चे के राजनीतिक दल तथा विभिन्न जन संगठन मिलकर संघर्ष को नई दिशा देंगे।

ये भी पढ़ें