भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह, प्रदेशभर में होंगे आयोजन- मंत्री चेतन्य काश्यप
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर भाजपा मध्यप्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी। मंत्री चेतन्य काश्यप ने पत्रकार वार्ता में प्रदेश स्तरीय आयोजनों, सांस्कृतिक रैलियों, स्वच्छता अभियान और जनजातीय गौरव चौपाल की जानकारी दी।
जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
एसीएन टाइम्स @ रतलाम। भारतीय जनता पार्टी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक पूरे मध्यप्रदेश में ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मनाएगी। इस दौरान भाजपा संगठन, प्रदेश सरकार और जनजातीय समाज संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की है। यह जनजातीय समाज के नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है।
जनजातीय गौरव सप्ताह के आयोजन को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने दी। पत्रकार वार्ता में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दिलीप मकवाना, जिलाध्यक्ष गोविन्द डामर, जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी, सह प्रभारी निलेश बाफना एवं नीरज बरमेचा मंचासीन रहे।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता केवल भाषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन के कार्यों, राजनीतिक नेतृत्व में भागीदारी और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। भाजपा ने जनजातीय समाज को सम्मान देने का संकल्प पूरा करके दिखाया है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी महामहिम श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का आसीन होना समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और भागीदारी का ऐतिहासिक उदाहरण है। केंद्र एवं राज्य सरकार सहित अन्य स्थानों पर भी जनजातीय समाज के लोग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
ये भी पढ़ें
जनजातीय नायकों के सम्मान में भाजपा सरकार ने किए अनेक कार्य
मंत्री काश्यप ने बताया कि मध्यप्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा के साथ टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमा नायक, रानी कमलापति और राजा भभूत सिंह जैसे महान जननायकों ने देश, समाज और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। भाजपा सरकार ने जनजातीय नायकों के सम्मान को केवल स्मरण तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उनके नाम पर अनेक विकास और जनकल्याण के कार्य किए हैं। इसके विपरीत कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन किया, लेकिन जनजातीय समाज के नायकों को वह सम्मान और पहचान नहीं दी, जिसके वे अधिकारी थे।
15 नवंबर को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
काश्यप ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल सहित केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल होंगे। इसके साथ ही सभी जिलों में भव्य सांस्कृतिक जुलूस और रैलियां निकाली जाएंगी।
प्रदेश सरकार द्वारा 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और 16 नवंबर को खण्डवा में बड़े आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जाएगी।
ये भी पढ़ें
स्वच्छता अभियान से लेकर छात्रावासों में संवाद तक होंगे कार्यक्रम
मंत्री काश्यप ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की पूर्व संध्या पर 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान एवं दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के सभी विद्यालयों और छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान की जानकारी दी जाएगी।
जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं के साथ सीधा संवाद एवं संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 18 से 20 नवंबर तक प्रदेश के जनजातीय विकासखंडों के चयनित ग्रामों में ‘जनजातीय गौरव चौपाल’ आयोजित की जाएंगी।
काश्यप ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य जनजातीय गौरव सप्ताह को केवल एक आयोजन तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति, लोककला, परंपराओं और अधिकारों के प्रति व्यापक जनजागरण करना है।








