सैलाना नगर परिषद सीएमओ नहीं दे सके जीवन ज्योति बीमा योजना की जानकारी, कलेक्टर ने लगाई फटकार

रतलाम कलेक्टर ने सैलाना में शासकीय कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए अधिकारियों को आड़े हाथ लिया।

Jan 9, 2024 - 23:28
 0
सैलाना नगर परिषद सीएमओ नहीं दे सके जीवन ज्योति बीमा योजना की जानकारी, कलेक्टर ने लगाई फटकार
सैलाना में शासकीय कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान नाराजगी जताते कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार।

कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने सैलाना में कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण किया, जनता से जुड़े कार्य संजीदगी से करने के निर्देश दिए

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सैलाना नगर परिषद के सीएमओ अनिल जोशी को कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार की नाराजगी झेलना पड़ी। कलेक्टर जोशी ने जीवन ज्योति बीना योजना के बारे में जानकारी चाही लेकिन वे नहीं दे पाए। इस पर कलेक्टर ने उन्हें आड़े हाथ ले लिया।

कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार मंगलवार को सैलाना में शासकीय कार्यालयों के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। वे सर्वप्रथम तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां समीप में बन रहे नए तहसील कार्यालय भवन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कार्यालय की फौजदारी शाखा में रीडर से धारा 151 के प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। लोकसेवा गारंटी केंद्र की आवक-जावक शाखा भी देखी। इस दौरान तहसीलदार कैलाश कनौज भी उपस्थित थे।

कलेक्टर दोपहर में नगर परिषद पहुंचे। उन्होंने समग्र पोर्टल, जावक-आवक रजिस्टर, राशन कार्ड, जन्म विवाह पंजीयन, पेंशन, जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास तथा नामांतरण को लेकर विभागीय कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नगर पालिका अधिकारी अनिल जोशी से जीवन ज्योति बीमा योजना के बारे में जानकारी ली, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। नामांतरण को लेकर कार्यालय के एक अन्य कर्मचारी को फटकार भी लगाई। उन्होंने मुख्य नगर परिषद अधिकारी को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि नगर परिषद कार्यालय के प्रमुख होने के नाते आगे आकर नागरिकों के काम करें। आम नागरिकों को आपके कारण कोई परेशानी नहीं हो, यह सुनिश्चित करें।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।