रतलाम : रात 12 बजे ब्राह्मणों का वास के सूने मकान में लगी भीषण आग, 5 फायर लॉरी ने करीब 3 घंटे में आग पर पाया काबू, देखें हादसे का वीडियो...

मध्य प्रदेश के रतलाम में एक सूने मकान में देर रात भीषण आग लग गई। घटना के वक्त में मकान में कोई नहीं होने से जनहानि नहीं हुई। आग बुझाने में ढाई घंटे का समय लगा।

रतलाम : रात 12 बजे ब्राह्मणों का वास के सूने मकान में लगी भीषण आग, 5 फायर लॉरी ने करीब 3 घंटे में आग पर पाया काबू, देखें हादसे का वीडियो...
रतलाम के ब्राह्मणों का वास स्थित मकान में लगी आग बुझाते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी।

एसीएन टाइम्स  @ रतलाम। शहर के ब्राह्मणों का वास क्षेत्र स्थित एक सूने मकान में शुक्रवार देर रात आग लग गई। क्षेत्र के युवाओं और फायर लॉरी की मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जिस मकान में आग लगी वह लकड़ी और पतरे का होने के साथ उसमें कंडे व अन्य पुराना सामान भरा होने से आग बुझाने में वक्त लगा।

जानकारी के अनुसार ब्राह्मणों का वास स्थित रामानुज कोट ट्रस्ट के मकान में रात करीब 12 बजे आग लगी। आग की लपटें उठती देख क्षेत्र के रहवासी हरकत में आए। लोगों ने बिजली वितरण कंपनी और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बिजली कंपनी का अमला और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। क्षेत्रीय पार्षद सपना त्रिपाठी के पति गौरव त्रिपाठी ने एसीएन टाइम्स को बताया आग मकान की ऊपरी मंजिल में लगी जिसकी छत टीन और बल्ली की होने से उस पर नियंत्रण करने में दिक्कत आई। इसलिए पहले पतरे हटाए गए और उसके बाद आग बुझाने का प्रयास किया गया। आग पर काबू पाने में 5 फायर लॉरी का पानी लगा। 3 बजे आग पूरी तरह बुझ सकी।

100 साल पुराना है मकान, तीन किराएदार रहते हैं वर्तमान में

समाजसेवी चंद्रप्रकाश पुरोहित के अनुसार करीब 100 साल पुराने मकान में तीन किराएदार रहते हैं। दो किराएदार नीचे और एक ऊपर रहते हैं। हादसे के वक्त मकान में नीचे सिर्फ एक बुजुर्ग महिला ही थी। जबकि ऊपर रहने वाले किरायेदार शुक्रवार को ही कईं गए थे। एक अन्य किरायेदार यहां दुकान संचालित करते हैं लेकिन वह बंद थी। इससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। क्षेत्रवासियों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।