आजादी का जश्न ! हर्षोल्लास से मनी आजादी की वर्षगांठ, ध्वजारोहण और परेड का हुआ आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम में सीएम राइज विनोबा स्कूल रहा अव्वल

रतलाम जिले में आजादी की वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहरण किया गया।

आजादी का जश्न ! हर्षोल्लास से मनी आजादी की वर्षगांठ, ध्वजारोहण और परेड का हुआ आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम में सीएम राइज विनोबा स्कूल रहा अव्वल
रतलाम आजादी की वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते मंत्री विजय शाह, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा एवं कलेक्टर राजेश बाथम

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे जिले में तिरंगा ध्वज फहराया गया। मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस लाइन के मैदान पर हुआ। यहां मुख्य अतिथि जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। वहीं नगर निगम में अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने, कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर राजेश बाथमने ध्वजारोहण किया।

मुख्य समारोह में अतिथि मंत्री डॉ. शाह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व पर परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत रक्षित केंद्र ने किया गया। सेकंड कमांडर मोनिका सिंह चौहान रक्षित केंद्र रतलाम रहीं। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। अतिथि ने बधाई संदेश का वाचन किया। राष्ट्रगान हुआ, पुलिस बल, विशेष सुरक्षा बल, एसएएफ, होमगार्ड, एनसीसी स्काउट, शौर्या दल ने परेड की। मार्च पास्ट भी हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। कलेक्टर राजेश बाथम और एसपी अमित कुमार भी उनके साथ थे।

हर्ष फायर हुआ, गुब्बारे छोड़े- मुख्य अतिथि ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर हर्ष फायर हुआ, हर्ष और समृद्धि के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों का शाल-श्रीफल एवं पुष्प-हार से सम्मान किया। स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

ये हुए पुरस्कृत

सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति के बाद पुरस्कार वितरण किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सांदीपनी (सीएम राइज) विनोबा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। दूसरे और तीसरे नंबर पर शहर के निजी स्कूल रहे। परेड के लिए प्रथम पुरस्कार एसएएफ 24 वाहिनी को दिया गया। द्वितीय पुरस्कार एनसीसी सीनियर प्लाटून एवं तृतीय पुरस्कार शौर्या दल को प्रदान किया गया। देहदान करने वाले व्यक्तियों के परिजन एवं जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। संचालन आशीष दशोत्तर ने।

ये उपस्थित रहे

कार्यक्रम में डीआईजी मनोज कुमार सिंह, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ शृंगार श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त अनिल भाना, एसडीएम आर्ची हरित सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

कलेक्टर राजेश बाथम, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने फहराया ध्वज

नगर निगम में अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने ध्वज फहराया। तत्पश्चात हुई सभा में निगम अध्यक्ष शर्मा सहित अन्य ने संबोधित किया और आजादी के संघर्ष को लेकर विचार व्यक्त किए। यहां पार्षद प्रीति कसेरा, धर्मेंद्र रांका के अलावा शेरू पठान, संजय कसेरा सहित पार्षद और निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्टर कार्यालय में ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण कर सलामी कलेक्टर राजेश बाथम ने दी। यहां अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

कांग्रेस ने से मनाया स्वतंत्रता दिवस

शहर कांग्रेस कार्यालय में हर्षौल्लास से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। ध्वजारोहण शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने किया। अतिथि पूर्व महापौर पारस सकलेचा रहे। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के संदेश का वाचन किया गया। कार्यवाहक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना, प्रवक्ता जोएब आरिफ, वीरेंद्र प्रताप सिंह, अमरसिंह शेखावत, रश्मि सिंह, पीयूष बाफना, सेवादल अध्यक्ष राजनाथ यादव, के.एल. गोसर, केसर बाई, किशन दादा, राधा प्रजापति, हरविंदर सिंह नांद्रा, कमल पांचाल, डॉ. मुस्तफा महूवाला, सोनू व्यास, प्रदीप राठौर, इक्का बेलूत, इकरार चौधरी, यूसुफ खान, जितेंद्र पंडित एवं महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और पार्षद आदि मौजूद रहे।

जैन साध्वी की निश्रा मेें मना आजादी का जश्न

(फोटो- राकेश पोरवाल)

श्री सोधर्मवृहत तपोगछीय त्रिस्तुतिक श्री संघ और परिषद परिवार द्वारा पूज्य साध्वी श्री शाश्वत प्रियाश्री जी मासा की पावन निश्रा में 79वां स्वंत्रता दिवस मनाया। इस मौके पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। गया इस अवसर पर सकल श्री संघ और परिषद परिवार के सदस्य गण उपस्थित रहे।