ये हैं रियल हीरोज… : नाबालिग को अपहर्ताओं से छुड़ाने वाले दिव्यांग बुजुर्ग और महिला का एसपी बहुगुणा ने किया सम्मान, कहा- ऐसे रियल हीरोज पर हमें गर्व है

एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बदमाशों के चंगुल से नाबालिग को बचाने वाले दिव्यांग बुजुर्ग और महिला को सम्मानित किया। उन्होंने दोनों को रियल हीरोज बताते हुए औरों को प्रेरणा लेने की बात कही।

May 5, 2023 - 22:14
May 5, 2023 - 22:16
 0
ये हैं रियल हीरोज… : नाबालिग को अपहर्ताओं से छुड़ाने वाले दिव्यांग बुजुर्ग और महिला का एसपी बहुगुणा ने किया सम्मान, कहा- ऐसे रियल हीरोज पर हमें गर्व है
रियल हीरोज भंवर सिंह और कारीबाई का सम्मान करते एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । गुंडों और बदमाशों से किसी को बचाने की बात तो आपने फिल्मों और किस्से-कहानियों में खूब देखी और सुनी होगी लेकिन वास्तविक जिंदगी में ऐसा कम ही होता है। वास्तविक जिंदगी में ऐसा करने वाले ही रियल हीरोज हैं। ऐसे ही दो रियल हीरोज का शुक्रवार को एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने अपने कार्यालय में आमंत्रित कर सम्मान किया और उनके कार्य की सराहना भी की।

मामला इसी माह की पहली तारीख का है। जिले के माननखेड़ा गांव में सुबह करीब 10 बजे गांव की एक नाबालिग भगवान के दर्शन के लिए शिव मंदिर जा रही थी। रास्ते में संतोष पिता नरवरसिंह (23) निवासी ग्राम ठगाई थाना पाली जिला ललितपुर (उ.प्र.) और सुशील उर्फ सुनील पिता देवीसिंह लोधी (23) निवासी झीरया तालुका चौका थाना बेगमंज जिला रायसेन हालमुकाम मूसाखेड़ी आलोक नगर थाना आजाद नगर इंदौर बाइक से वहां पहुंचे। दोनों ने नाबालिग से छेड़खानी शुरू कर दी। एक बदमाश ने नाबालिग को जबरन अपनी बाइक पर बैठाने का प्रयास किया तो उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। इसी दौरान मंदिर से लौट रहीं कारीबाई नामक महिला बदमाशों के पास पहुंच गईं और जोर से डपटा। तभी वहां 65 वर्षीय दिव्यांग भंवरसिंह भी आ गए। दोनों ने बहादुरी के साथ बालिका को बदमाशों से छुड़वा लिया। इतना ही नहीं उन्होंने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी कर दिया। ग्रामीणों ने इस जिंदादिली से प्रभावित होकर दोनों का गांव में जुलूस निकाल सराहना की।

यह मामला एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के संज्ञान में आया तो वे उन्होंने दोनों को अपने ऑफिस आमंत्रित किया और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर एसपी ने कहा कि यह सराहनीय कार्य है जो औरों के लिए प्रेरणादायक है। एसपी ने कहा रियल हीरोज ऐसे ही होते हैं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।