बड़ी खबर : नामली थाने के SI ने रास्ता खुलवाने के लिए मांगी 15 हजार की रिश्वत, लोकायुक्त ने SI के दलाल को रिश्वत लेते दबोचा, दोनों के विरुद्ध केस दर्ज, देखें वीडियो

उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने नामली थाने के एसआई और उसके दलाल के विरुद्ध केस दर्ज किया है। एसआई के दलाल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार भी किया गया है।

Nov 13, 2024 - 01:36
 0
बड़ी खबर : नामली थाने के SI ने रास्ता खुलवाने के लिए मांगी 15 हजार की रिश्वत, लोकायुक्त ने SI के दलाल को रिश्वत लेते दबोचा, दोनों के विरुद्ध केस दर्ज, देखें वीडियो
रिश्वत मांगने वाला एसआई रायसिंह रावत एवं लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा उसका दलाल दिलीप प्रजापति।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत लेने के मामले में नामली थाने के एसआई रायसिंह रावत और उसके एक दलाल के विरुद्ध केस दर्ज किया है। लोकायुक्त को दलाल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार करने में सफलता भी मिली है। एसआई पर आरोप है कि उसने एक व्यक्ति से रास्ता खुलवाने के एवज में 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

लोकायुक्त के अनुसार धारासिंह पिता शम्भुलाल निवासी शिखेड़ी तहसील रतलाम ने नामली थाने में पदस्थ एसआई रायसिंह रावत द्वारा रास्ता खुलवाने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। एसआई ने रिश्वत के रूप में 15 हजार रुपए मांगे थे। उसने यह राशि अपने दलाल दिलीप प्रजापति को देने के लिए कहा था।

महानिदेशक लोकायुक्त जयदीप प्रसाद के निर्देशन में उज्जैन लोकायुक्त एसपी अनिल विश्वकर्मा के आदेशानुसार डीएसपी सुनील तालान एवं राजेश पाठक उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में लोकायुक्त की ने मंगलवार दोपहर रतलाम में कार्रवाई की। टीम ने एसआई के कहने पर उसके दलाल प्रजापति को 15 हजार रुपए लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। टीम में हितेश लालावत, विशाल, उमेश लोकेश सहित 10 सदस्य शामिल रहे।

पकड़े जाने के बाद एसआई से कराई दलाल की बात

लोकायुक्त ने दलाल दिलीप की मोबाइल फोन से एसआई रायसिंह रावत से बात कराई। इसके बाद लोकायुक्त ने एसआई और उसके दलाल दिलीप प्रजापति के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संसोधन 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।