वेस्ट जोन प्री नेशनल लेवल शूटिंग में 20 साल बाद रतलाम को रजत पदक दिलाने वाले शूटर गौड़ का विधायक काश्यप ने किया सम्मान

रतलाम के शूटर आयुष गौड़ ने 20 के अंतराल के बाद जिले को बड़ी उपलब्धि दिलाई। वेस्ट जोन प्री नेशनल लेवल शूटिंग स्पर्धा रजत पदक जीतने पर रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप ने उन्हें सम्मानित किया।

वेस्ट जोन प्री नेशनल लेवल शूटिंग में 20 साल बाद रतलाम को रजत पदक दिलाने वाले शूटर गौड़ का विधायक काश्यप ने किया सम्मान
विधायक चेतन्य काश्यप के साथ शूटिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले आयुष गौड़, उमंग पोरवाल एवं अन्य।

इससे पहले 2002 में रतलाम को मिला था पदक

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । वेस्ट जोन प्री नेशनल लेवल शूटिंग स्पर्धा में 20 साल बाद रतलाम को रजत पदक हासिल हुआ। पदक शूटर आयुष गौड़ ने जीता। इस उपलब्धि पर विधायक चेतन्य काश्यप ने गौड़ का सम्मान कर उज्जवल भविष्य की कामना की। इसके पूर्व वर्ष 2002 में रतलाम ने यह पदक प्राप्त किया था।

वेस्ट जोन प्री नेशनल लेवल शूटिंग  स्पर्धा आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट महू में आयोजित हुई। इसमें गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दमन-दीव, दादर और नगर हवेली के साथ गोवा राज्य के करीब पांच हजार शूटरों ने भाग लिया। रतलाम डिस्ट्रिक्ट राइफल एसोसिएशन के शूटर आयुष ने रजत पदक पर निशाना साधने में सफलता प्राप्त की। विधायक काश्यप द्वारा सम्मान किए जाने के दौरान संस्था सचिव राष्ट्रीय पदक विजेता उमंग पोरवाल, कोच मोहितराज सिंह सांखला, मनोहर पोरवाल आदि उपस्थित रहे।

रतलाम डिस्ट्रिक्ट शूटिंग राइफल एसोसिएशन के सचिव उमंग पोरवाल ने बताया रजत पदक जीतने पर गौड़ को संस्था द्वारा  प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पोरवाल के अनुसार संस्था के ही शूटर राजवीर सिंह राठौर, आरिश खान, धनंजय सिंह राठौर, ध्रुवराज सिंह सिसौदिया, प्रियांशराज सिंह राठौर, हर्षवर्धन सिंह राठौर ने केरला में होने वाले 65वीं नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। इसी प्रकार श्रव्या सोनी ने मुंबई में हुई वेस्ट जोन स्पर्धा से पिस्टल कैटेगरी में राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए क्वालीफाई किया।

इसके लिए सभी खिलाड़ियों को विधायक कश्यप, संस्था सचिव उमंग पोरवाल, कोच मोहितराज सिंह सांखला, प्रेस क्लब के पूर्व उपाध्यक्ष राकेश पोरवाल व अभिभावकों ने शुभकामनाएं देते हुए हर्ष जताया।