महापौर प्रत्याशी मयंक जाट को प्रचंड जीत के कीर्तिमान का भरोसा, प्रचंड मतदान के लिए मतदाताओं का अदा किया आभार

रतलाम शहर में नगरीय निकाय के चुनाव में 70.02 फीसदी रिकॉर्ड मतदान हुआ जो प्रदेश के 16 नगर निगमों में से सबसे ज्यादा है। इसके लिए कांग्रेस महापौर प्रत्याशी मयंक जाट ने जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह रिकॉर्ड मतदान कांग्रेस को प्रचंड जीत दिलाएगा।

महापौर प्रत्याशी मयंक जाट को प्रचंड जीत के कीर्तिमान का भरोसा, प्रचंड मतदान के लिए मतदाताओं का अदा किया आभार
मयंक जाट, महापौर प्रत्याशी- कांग्रेस।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । कांग्रेस महापौर उम्मीदवार मयंक जाट ने रतलाम के सभी जागरूक मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने भरोसा जताया है कि प्रचंड मतदान का परिणाम कांग्रेस की प्रचंड जीत के रूप में नए कीर्तिमान के रूप में सामने आएगा। उन्होंने प्रशासनिक खामियों के चलते विभिन्न वार्डों में कई मतदाताओं के मताधिकार से वंचित रहने पर आक्रोश जताया है।

महापौर प्रत्याशी जाट ने कहा कि मध्यप्रदेश के सर्वाधिक साक्षर शहर रहे रतलाम के जागरूक मतदाताओं ने  रिकॉर्ड मतदान कर के फिर एक नया इतिहास रच दिया है। 70.02 फीसदी से अधिक मतदान इस बात का स्पष्ट संकेत है कि मतदाता परिवर्तन का मन बना चुके थे इसीलिए उन्होंने अपने मताधिकार का उपयोग करने में कोई कोताही नहीं बरती। प्रचंड मतदान के परिणाम कांग्रेस की प्रचंड जीत के रूप में नया कीर्तिमान रचेगा।

जनादेश हाथ के पंजे के साथ

जाट ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता ही भाग्य विधाता होता है और उसका अंतिम जनादेश ही सर्वोपरि होता है। इस बार जनादेश हमारे साथ है और हम नगर सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने इस बात पर आक्रोश जताया कि विभिन्न वार्डों में कतिपय प्रशासनिक लापरवाहियों के चलते अपने मताधिकार का उपयोग नहीं कर सके। किसी भी मतदाता का अपने अधिकार से वंचित रहना प्रशासनिक व्यवस्थाओं की खामियों को उजागर करता है।

मतदान से जुड़ी समस्याएँ सुनी

इसके पहले जाट ने मतदान दिवस पर पार्टीजन के साथ विभिन बूथ पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ज्यादा से ज्यादा मतदान हो, इसलिए मतदाताओं को प्रेरित करें। भ्रमण के दौरान पार्टीजन के साथ मतदाताओं ने मतदाताओं की मतदान से जुड़ी समस्याओं से अवगत करवाया।