BAP ने सौंपी जिम्मेदारी ! विधायक कमलेश्वर डोडियार को मिली राजस्थान पंचायत चुनाव की जिम्मेदारी, कुशलगढ़ और छोटी सरवन के प्रभारी बने

सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार को भारत आदिवासी पार्टी ने राजस्थान पंचायत चुनाव के लिए बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ और छोटी सरवन का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया।

BAP ने सौंपी जिम्मेदारी ! विधायक कमलेश्वर डोडियार को मिली राजस्थान पंचायत चुनाव की जिम्मेदारी, कुशलगढ़ और छोटी सरवन के प्रभारी बने
भारत आदिवासी पार्टी ने सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार को दी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम/बांसवाड़ा। मध्यप्रदेश के सैलाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक कमलेश्वर डोडियार को राजस्थान में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी ने उन्हें बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र और छोटी सरवन इलाके की जिम्मेदारी सौंपी है।

भारत आदिवासी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत ने केंद्रीय एकीकरण समिति के निर्देशन में यह नियुक्ति की है। इस नियुक्ति के बाद डोडियार इन क्षेत्रों में पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी अभियान का नेतृत्व करेंगे। चुनाव प्रभारी के रूप में वे जिला परिषद, पंचायत समिति और सरपंच पद के लिए मैदान में उतरे पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क करेंगे।

चुनावी रणनीति और जनसंपर्क की संभालेंगे जिम्मेदारी

कमलेश्वर डोडियार को केवल चुनाव प्रचार तक सीमित जिम्मेदारी नहीं दी गई है। वे पार्टी के उम्मीदवारों के बीच समन्वय स्थापित करने, चुनावी रणनीति तैयार करने, ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान को गति देने और चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी भी करेंगे। पार्टी की कोशिश है कि पंचायत चुनाव में स्थानीय स्तर पर संगठन को सक्रिय करते हुए प्रत्याशियों के पक्ष में व्यापक समर्थन जुटाया जाए।

ये भी पढ़ें

पंचायत स्तर पर संगठन मजबूत करने की कवायद

कमलेश्वर डोडियार की नियुक्ति को राजस्थान में भारत आदिवासी पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कुशलगढ़ और छोटी सरवन जैसे क्षेत्रों में पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने और ग्रामीण मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।

पार्टी का जोर पंचायत स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करने, स्थानीय समस्याओं को चुनावी विमर्श में प्रमुखता से उठाने और ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने पर है। ऐसे में चुनाव प्रभारी के रूप में कमलेश्वर डोडियार की भूमिका पार्टी प्रत्याशियों के बीच तालमेल और चुनावी गतिविधियों के संचालन के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी। अब इन क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने और प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने की जिम्मेदारी विधायक कमलेश्वर डोडियार के पास रहेगी।

ये भी पढ़ें