हत्या का खुलासा : होटल में पति ने पत्नी पर किया प्राणघातक हमला, गिरने से चोट लगने की बनाई कहानी, मौत होने पर शव एम्बुलेंस में छोड़कर भाग गया

रतलाम में एम्बुलेंस में पत्नी का शव छोड़कर भागने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला की मौत पति द्वारा प्राणघातक हमला करने के कारण हुई थी। आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट आदि के 23 केस पहले से दर्ज हैं।

हत्या का खुलासा : होटल में पति ने पत्नी पर किया प्राणघातक हमला, गिरने से चोट लगने की बनाई कहानी, मौत होने पर शव एम्बुलेंस में छोड़कर भाग गया
रतलाम में हुत्याकांड का खुलासा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर की औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व हुए महिला के हत्याकांड का खुलासा किया है। हत्या महिला के पति ने ही की थी। दोनों नागदा से रतलाम आकर एक होटल में ठहरे थे। इसी दौरान दोनों विवाद हो गया और पति ने पत्नी पर प्राणघातक हमला कर घायल कर दिया। आरोपी ने बाथरूम में गिर कर घायल होने की कहानी बना कर घायल पत्नी को एम्बुलेंस में लेकर घूमता रहा। बाद में उसकी मौत होने पर शव एम्बुलेंस में ही छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 23 मई 2024 को एम्बुलेंस चालक नीलेश पिता गुलाबसिंह ने औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को सूचना दी थी कि रात 02.15 बजे आनंद नाम के व्यक्ति ने एक शव ले जाने के लिए एम्बुलेंस की आवश्यकता जताई थी। उक्त व्यक्ति बताया था कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो गई है। आनंद पत्नी का शव को एम्बुलेंस में यहाँ-वहाँ घुमाता रहा और बाद में सालाखोड़ी के पास शव एम्बुलेंस में ही छोड़कर भाग गया। इस सूचना पर औद्योगिक क्षेत्र थाने पर मर्ग पंजीबद्ध विवेचना में लिया गया। घटना संदिग्ध होने से एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन व सीएसपी अभिनव बारंगे के नेतृत्व में टीम का गठन किया।

झूठी कहानी गढ़ शासकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था

टीम ने जांच के दौरान मृतका की पहचान गीताबाई और पति की आनंद भाटी के रूप में की। पता चला कि पति आनंद पत्नी के साथ स्टेशन रोड के अशोका होटल में रुका था। यहां गीताबाई और आनंद के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान आनंद ने पत्नी पर प्राणघातक हमला कर दिया जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आरोपी आनंद भाटी ने एंबुलेंस बुलाई और पत्नी को बाथरूम में पैर फिसलने से सिर में चोट लगने की झूठी कहानी बता कर शासकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवा दिया। यहां से गंभीर घायल गीताबाई को इंदौर और फिर वहां से भोपाल रैफर कर दिया गया था। भोपाल में गीताबाई की मृत्यु हो गई थी जिसके बाद आनंद एंबुलेंस से शव लेकर रतलाम आया और यहीं छोड़कर भाग गया। मामले का खुलासा होटल अशोका के सीसीटीवी फुटेज चैक करने के दौरान हुआ। इसके चलते थाना स्टेशन रोड पर आईपीसी की धारा 302, 201 भादंवि का प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी आनंद पिता कैलाश भाटी निवासी पाल्याकला थाना नागदा मंडी जिला उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या, डकैती और लूट जैसे मामले हैं दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपी आनंद भाटी का अपराधिक रिकॉर्ड है। उज्जैन जिले के नागदा थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके विरुद्ध हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट, लूट जैसी गंभीर धाराओं में 23 केस दर्ज हैं।

इनकी भूमिका सराहनीय रही

हत्याकांड का खुलासा करने में औद्योगिक क्षेत्र रतलाम थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र वर्मा, उप निरीक्षक अशोक दीक्षित, आनंद बागवान, शरीफ खान, प्रधान आरक्षक मनीष यादव, आरक्षक सीमोन कटारा की सराहनीय भूमिका रही।