सरकारी मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में खड़ी कार में मिला शराब का जखीरा, कार और शराब के साथ एक युवक गिरफ्तार

रतलाम की औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर से देशी-विदेशी शराब से भरी कार जब्त की है। मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

May 24, 2024 - 07:37
 0
सरकारी मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में खड़ी कार में मिला शराब का जखीरा, कार और शराब के साथ एक युवक गिरफ्तार
शासकीय मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में खड़ी शराब से भरी कार, पास हैं औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां डॉक्टरों की पार्किंग से एक कार से अवैध शराब का जखीरा पुलिस ने जब्त किया है। जब्तशुदा शराब की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने गुरुवार को शासकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के रहवासी इलाके की पार्किंग से अवैध शराब से भरी कार क्रमांक MP-43-CA-7205 जब्त की है। कार की तलाशी लेने पर उसमें 60 पेटी देशी सराब के अलावा, 07 पेटी पॉवर कम्पनी की टिन बियर, 02 पेटी हंटर कम्पनी की टिन बियर मिली। पुलिस ने कार और शराब को जब्त कर लिया है। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा के अनुसार कार सेजावता निवासी बसंतीलाल पिता लक्ष्मीनारायण टांक की है। बसंतीलाल को कुछ समय पूर्व शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पकड़े जाने के डर से मेडिकल कॉलेज में छिपाई थी शराब

थाना प्रभारी वर्मा के अनुसार मेडिकल कॉलेज परिसर की पार्किंग में खड़ी कार को पुलिसकर्मियों ने पहचान लिया। इसी दौरान बसंतीलाल का 27 वर्षीय बेटा प्रिंस टांक भी वहां संदिग्ध अवस्था में घूमता मिल गया। अतः शराब से भरी कार जब्त कर आरोपी प्रिंस को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि शराब उसके घर में रखी थी। पकड़े जाने के डर से उसने शराब कार में भर कर उसे मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में लाकर खड़ी कर कवर से ढंक दी थी। आरोपी प्रिंट टांक के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। 

ऐसे पता चला शराब जखीरे का

जहां से शराब जब्त हुई वहां से वह डॉक्टरों का रहवासी क्षेत्र हैं। डीन के बंगले के लगभग 50 मीटर की दूरी पर डी-ब्लॉक बहुमंजिला इमारत है जिसके नीचे पार्किंग है। डॉ. शैलेंद्र डाबर गुरुवार शाम को करीब 7 बजे अपनी कार 202 नंबर के पार्किंग एरिया में पार्क करने पहुंचे। वहां पहले से ही एक कार खड़ी थी जो कवर से ढंकी हुई थी। कार के पास से शराब की तेज दुर्गंध भई आ रही थी। इससे उन्होंने अन्य डॉक्टरों के साथ स्थानीय पुलिस चौकी पर भी सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और संदिग्ध कार की जानकारी औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी वर्मा एवं आबकारी विभाग को दी। जानकारी मिलते ही आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर पुष्पराजसिंह कांस्टेबल बी. एल. सोलंकी के साथ मौके पर पहुंचे और कार पर से कवर हटाया। तब तक औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी वर्मा भी बल के साथ पहुंच गए। पुलिसकर्मी कार व उसके मालिक को पहचानते थे इसलिए थाना प्रभारी ने कार की चाबी मंगवाई और उसे जब्त कर थाने ले गए।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।