उत्तर प्रदेश शाहजहांपुर - में टैंकर-टेंपो की जोरदार भिडंत, गंगा स्नान करने जा रहे 12 श्रद्धालुओं की मौत
घाना कोहरा बना हादसे का कारण, टैम्पो के उड़े परखच्चे, सीम योगी ने संवेदना व्यक्त कर राहत कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
एसीएन टाइम्स @ शाहजहाँपुर l उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में थाना अल्हागंज क्षेत्र में अल्हागंज क्षेत्र के फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे के सुखसुखी गांव के पास गुरुवार सुबह घने कोहरे के चलते तेज रफ्तार टैंकर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमे टैम्पो के परखच्चे उड़ गए और इस हादसे में 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
मरने वालों में 8 पुरुष और 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है. घटना के तीन घंटे बाद एडीजी और पुलिस कमिश्नर ने मौके का जायजा लिया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेल टैंकर ने श्रद्धालुओं से भरे टैंपों को इतनी भयानक टक्कर मारी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए. सवारियों को बचाव का मौका भी नहीं मिला. मरने वाले सभी तीर्थयात्री गंगा स्नान के लिए फर्रुखाबाद जा रहे थे. टैंपो को टक्कर मारने वाले टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है. बरेली एडीजी पीसी मीणा और कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने घटनास्थल का जायजा लिया. डग्गामार वाहनों में क्षमता से ज्यादा सवारियां भरने और अभियान चलाने के सवाल पर दोनों अधिकारी बचते नजर आए.
मुख्यमंत्री ने जनपद शाहजहांपुर में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की .


