रतलाम के दूध में खोट ! डेलनपुर स्थित दूध डेयरी प्लांट पर प्रशासन ने मारा छापा, कलेक्टर खुद भी पहुंचे प्लांट, थैलों में मिला पाउडर और कास्टिक सोडा के खाली पैकेट

रतलाम में मिलावटी दूध तैयार होने की आशंका और शिकायत पर कलेक्टर के निर्देश जिला प्रशासन के दल ने एक दूध डेयरी प्लांट में छापा मारा। यहां से दूध सहित अन्य वस्तुओं के सैंपल जांच के लिए जब्त किए गए।

Jul 21, 2024 - 21:16
Jul 21, 2024 - 22:01
 0
रतलाम के दूध में खोट ! डेलनपुर स्थित दूध डेयरी प्लांट पर प्रशासन ने मारा छापा, कलेक्टर खुद भी पहुंचे प्लांट, थैलों में मिला पाउडर और कास्टिक सोडा के खाली पैकेट
दूध में मिलावट की आशंका पर दूध डेयरी प्लांट में निरीक्षण करते कलेक्टर राजेश बाथम।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम के दूध में एक बार फिर खोट मिलावट की आशंका जताई गई है। इसी आशंका और शिकायत के चलते एसडीएम अनिल भाना ने रविवार को डेलनपुर स्थित एक दूध डेयरी प्लांट पर छापा मारा। कलेक्टर राजेश बाथम खुद भी प्लांट पर पहुंचे और सारी व्यवस्थाएं जांची। प्लांट से दूध के सैंपल जांच लिए जब्त किए गए हैं। इसके अलावा यहां थैलों में पाउडर और कास्टिक सोडा के खाली पैकेट भी मिले।

कलेक्टर राजेश बाथम को शिकायत मिली थी कि डेलनपुर में बालाजी टाउनशिप के पीछे दूध डेयरी प्लांट में कृत्रिम दूध तैयार किया जाता है और यहां दूध में मिलावट भी होती है। कलेक्टर ने अधीनस्थ अमले को तत्काल जांच के निर्देश दिए। इस पर एसडीएम अनिल भाना, सीएसपी अभिनव वारंगे, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने डेलनपुर स्थित दूध डेयरी प्लांट पर छापा मारा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर बाथम खुद भी प्लांट पहुंच गए और उन्होंने पूरे प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने मशीनों के अलावा और दुग्ध की पाश्चुरीकरण की प्रक्रिया भी देखी।

तीन टैंकरों में मिला 15 हजार लीटर दूध

छापे के दौरान प्लांट में 3 टैंकर क्रमांक GJ 03 BV 4408, RJ 06 GC 5216 और RJ 09 GC 4963 मिले। इनमें से एक में 7 हजार, एक में 6 हजार व एक टैंकर में 2 हजार लीटर दूध मिला। इसके अलावा कुछ थैलों में पाउडर और कास्टिक सोडा के खाली पैकेट भी मिले। कलेक्टर के निर्देश अधिकरियों ने उक्त सभी वस्तुओं के सैंपल एकत्र किए। ये जांच के लिए राज्य स्तरीय सेंट्रल लैब भेजे जाएंगे। जहां से अगले दो-तीन दिन में रिपोर्ट आने की संभावना जताई जा रही है।

गुजरात की नामी कंपनी को जाता है दूध

छापे के दौरान प्लांट के जिम्मेदारों ने प्रशासन को बताया कि यहां से दूध मध्य प्रदेश के अन्य जिलों के साथ ही गुजरात भी भेजा जाता है। गुजरात में दूध एक नामी ब्रांड को सप्लाई होता है।

रिपोर्ट आने पर की जाएगी कार्रवाई

एसडीएम अनिल भाना ने बताया कि कलेक्टर को मिलावटी दूध को लेकर सूचना मिली थी। उनके निर्देश पर कार्रवाई की गई। मौके से पाउडर जैसा पदार्थ भी मिला है। जिम में उपयोग किए जाने वाले पाउडर और क्रीम के बिल भी मिले हैं। सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।