कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप ‘स्वर्णिम वर्ल्ड रिकॉर्ड’ से सम्मानित, जनसेवा, सामाजिक समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान
स्वर्णिम फाउंडेशन द्वारा कैबिनेट मंत्री एवं रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप को स्वर्णिम वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान उनके सेवा कार्यों के लिए प्रदान किया गया है।
‘द आइकॉन ऑफ सोशल ट्रांसफॉर्मेशन, सेल्फलेस पब्लिक सर्विस एंड नेशन बिल्डिंग’ की उपाधि भी मिली
एसीएन टाइम्स @ इंदौर । मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं रतलाम शहर विधायक चेतन्य कुमार कश्यप को जनसेवा, सामाजिक समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘स्वर्णिम वर्ल्ड रिकॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान ‘द आइकॉन ऑफ सोशल ट्रांसफॉर्मेशन, सेल्फलेस पब्लिक सर्विस एंड नेशन बिल्डिंग’ की उपाधि के साथ प्रदान किया गया।
स्वर्णिम फाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र कुमार जैन ने कश्यप को सम्मानित करते हुए प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इस मौके पर जैन ने कहा कि चेतन्य कश्यप का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण है। राजनीति में रहते हुए व्यक्तिगत सुविधाओं से ऊपर उठकर जनकल्याण को प्राथमिकता देना, जरूरतमंदों के लिए आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में कार्य करना उनकी विशिष्ट पहचान है।
उन्होंने कहा कि स्वर्णिम वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का उद्देश्य ऐसे व्यक्तित्वों और उनके प्रेरणादायी कार्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है, जिनका योगदान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला हो। चेतन्य कश्यप को प्रदान किया गया यह सम्मान केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा, सामाजिक समर्पण और आदर्श जनप्रतिनिधित्व की भावना का सम्मान है।
ये भी पढ़ें
तीन बार लगातार विधायक बनने का बनाया कीर्तिमान
बता दें कि, चेतन्य कश्यप भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने वर्ष 2013, 2018 और 2023 में लगातार तीन बार रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र से विजय प्राप्त की। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें 1,09,656 मत प्राप्त हुए और उन्होंने 60,708 मतों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। 25 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल में उन्हें कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया। वर्तमान में वे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
विधायक वेतन और पेंशन जनसेवा के लिए समर्पित
कश्यप की सार्वजनिक जीवन की सबसे उल्लेखनीय विशेषताओं में से एक यह है कि उन्होंने अपने तीनों विधायक कार्यकालों के दौरान मिलने वाले वेतन, भत्तों और पेंशन का व्यक्तिगत लाभ नहीं लेने तथा इन संसाधनों को जनकल्याण के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया है। उनका यह कदम सार्वजनिक जीवन में सेवा और त्याग की भावना को प्रदर्शित करता है।
ये भी पढ़ें
‘अहिंसा ग्राम’ से हजारों जरूरतमंदों को मिली नई उम्मीद
रतलाम में उनके प्रयासों से ‘अहिंसा ग्राम’ जैसी महत्वपूर्ण आवासीय पहल स्थापित हुई, जिसके माध्यम से झुग्गी बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को बेहतर आवास उपलब्ध कराने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त कुपोषण उन्मूलन के लिए पौष्टिक आहार वितरण, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, शिक्षा को प्रोत्साहन तथा ‘चेतना खेल मेला’ के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना उनके सामाजिक सरोकारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उद्योग एवं रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में पहल
MSME मंत्री के रूप में कश्यप प्रदेश में लघु एवं मध्यम उद्योगों के विकास, उद्यमिता, स्टार्टअप और औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्यरत हैं। रतलाम की भौगोलिक स्थिति और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी का लाभ लेकर क्षेत्र में औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स विकास की संभावनाओं को भी आगे बढ़ाने पर उनका विशेष जोर है।
ये भी पढ़ें
सफल उद्योगपति से जनसेवक तक का सफर
राजनीति में सक्रिय होने से पहले चेतन्य कश्यप ने उद्योग एवं व्यवसाय के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। कश्यप एंड संस, कश्यप स्वीटनर्स लिमिटेड तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों में उनका योगदान रहा है। सामाजिक, शैक्षणिक और औद्योगिक गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के विकास में भूमिका निभाई है।
ये भी पढ़ें








