सफेमा का शिकंजा ! पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष के बेटे डोडाचूरा तस्कर विवेक पोरवाल की 8.90 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

रतलाम में डोडाचूरा तस्कर विवेक पोरवाल की 8.90 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज। 1900 किलो डोडाचूरा मामले में 14 साल की सजा, सफेमा मुंबई ने आदेश की पुष्टि की।

सफेमा का शिकंजा ! पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष के बेटे डोडाचूरा तस्कर विवेक पोरवाल की 8.90 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
डोडाचूरा तस्कर विवेक पोरवाल की 8.90 करोड़ की संपत्ति फ्रीज।

1900 किलो डोडाचूरा तस्करी के मामले में हो चुकी है 14 साल की सजा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रहलाद पोरवाल (पिल्लू सेठ) के बेटे विवेक पोरवाल की 8 करोड़ 90 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है। डोडाचूरा तस्करी मामले में 14 साल की कैद से दंडित विवेक की संपत्ति सफेमा/एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है।

मादक पदार्थों की तस्करी से करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ रतलाम पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना रिंगनोद क्षेत्र के ग्राम ढोढर निवासी डोडाचूरा तस्करी के आरोपी विवेक पोरवाल की 8 करोड़ 90 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है। वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के अंतर्गत सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा/एनडीपीएसए मुंबई ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत संपत्ति फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की है। इस कार्रवाई के जरिए मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर कानूनी शिकंजा कसा गया है।

विवेक पोरवाल को 23 सितंबर 2022 को लगभग 1900 किलोग्राम डोडाचूरा (पॉपीस्ट्रॉ) की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में अपराध क्रमांक 172/2022 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 एवं 15 के तहत कार्रवाई की गई थी। मामले की सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस), ग्वालियर ने 24 मार्च 2026 को फैसला सुनाते हुए विवेक पोरवाल को 14 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपए के जुर्माने से दंडित किया था।

ये भी पढ़ें

कृषि भूमि और आवासीय भूखंड सहित संपत्तियां फ्रीज

डोडाचूरा तस्कर विवेक की संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए रतलाम पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की थी। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक (सफेमा/एनडीपीएसए), मुंबई ने फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी। पुलिस के अनुसार, फ्रीज की गई तीनों संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 8 करोड़ 90 लाख रुपए है। फ्रीज की गई संपत्तियों में कृषि भूमि के सर्वे नंबर 1520/1, 1421/2/1, 1422/2/1, 1422/3, 1421/2/2, 1411/2, 1420/2, 1422/2/2, 751/2, 752, 753, 755/3, 846/2, 491/1, 491/3, 495, 849, 1512/2 एवं 496/1 शामिल हैं। इन कृषि भूमियों का अनुमानित मूल्य 7 करोड़ 50 लाख रुपए बताया गया है। इसके अलावा आवासीय भूखंड क्रमांक 334 का मूल्य एक करोड़ रुपए बताया गया है।

अब तक 100 करोड़ से अधिक की संपत्तियों के प्रकरण सफेमा कोर्ट भेजे

रतलाम एसपी अमित कुमार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तस्करों की अवैध कमाई पर भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अब तक 100 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए प्रकरण सफेमा कोर्ट भेजे जा चुके हैं। इनमें से लगभग 48 करोड़ 14 लाख रुपए मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं।

ये भी पढ़ें

पुलिस का यह अभियान केवल मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी और आपराधिक कार्रवाई तक सीमित नहीं है। तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज कराने की वैधानिक प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार से संपत्ति अर्जित करने वाले अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है। उनके विरुद्ध भी संपत्ति फ्रीज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना रिंगनोद के निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन, सहायक उपनिरीक्षक दिनेशचंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार एवं आरक्षक नरेंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही। रतलाम पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और इससे अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

ये भी पढ़ें