‘हड्डी ब्रेकर’ से वाहन चालकों को होने वाली तकलीफ पर कलेक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता, रतलाम-सैलाना-बांसवाड़ा मार्ग पर चार स्थानों से हटाए स्पीड ब्रेकर
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए रतलाम-सैलाना-बांसवाड़ा मार्ग के चार स्थानों से अनावश्यक स्पीड ब्रेकर हटवाए। अब लोग बंजली-सेजावता फंटा बायपास से भी अमानक स्पीड ब्रेकर हटाने की आवश्यकता जता रहे हैं।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए सड़कों पर बेतरतीप ढंग से बनाए गए स्पीड ब्रेकर वाहन चालकों के लिए परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इस परेशानी को कलेक्टर अजय कटेसरिया ने समझा और जिम्मेदारों को इन्हें हटाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर की सख्ती का असर यह रहा कि महज 24 घंटे के भीतर रतलाम-सैलाना-बांसवाड़ा मार्ग पर बने अनावश्यक स्पीड ब्रेकर हटा दिए गए। इससे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।
जनहित को लेकर संवेदनशील कलेक्टर अजय कटेसरिया ने एक दिन पूर्व जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा के साथ-साथ वाहन चालकों की सुविधाओं को भी प्राथमिकता में लिया था। उन्होंने संबंधित विभागों के अफसरों को हिदायत देते हुए अनावश्यक स्पीड ब्रेकर हटाने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया था कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाना चाहिए, ताकि यातायात सुगम रहने के साथ सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर के आदेश का असर यह हुआ कि संबंधित विभाग ने रतलाम-सैलाना-बांसवाड़ा मार्ग पर पलसोड़ा चौराहा, डेलनपुर, सैलाना बायपास एवं धामनोद बायपास पर स्थित स्पीड ब्रेकर हटा दिए। इस कार्रवाई से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होने और वाहन चालकों व यात्रियों को अनावश्यक बाधाओं से राहत मिलने की उम्मीद है। कलेक्टर की पहल को सड़क सुरक्षा के साथ आमजन की रोजमर्रा की परेशानियों को ध्यान में रखकर लिए गए निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें
यहां स्पीड ब्रेकरों वाली सड़क भी
कलेक्टर की संवेदनशीलता को देखकर लोग अब सैलाना मार्ग और जावरा मार्ग को जोड़ने वाले बायपास पर से भी अमानिक स्पीड ब्रेकर हटाने की मांग उठने लगी है। वाहन चालकों का कहना है कि इस बायपास पर जितने स्पीड ब्रेकर हैं उतने तो शहर की किसी भी सड़क पर नहीं होंगे। इस मार्ग के स्पीड ब्रेकरों पर लगभग रोज ही वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। इससे वाहन चालकों और उनमें सफर करने वाले लोग पीड़ा झेलते हैं। रतलाम-सैलाना-बांसवाड़ा मार्ग पर हुई कार्रवाई के बाद लोगों को इस बायपास से भी अमानक स्पीड ब्रेकर हटाए जाने की उम्मीद बंधी है।
ये भी पढ़ें
कैसा हो मानक स्पीड ब्रेकर
भारतीय सड़कों पर स्पीड ब्रेकर (Speed Breakers) बनाने के लिए भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC: 99-1988 और IRC: 99-2018) के नियम और मानक तय किए गए हैं। इन्हें सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) से मान्यता भी प्राप्त है।
ऊंचाई : स्पीड ब्रेकर की अधिकतम ऊंचाई 10 सेंटीमीटर (लगभग 4 इंच) होनी चाहिए।
चौड़ाई / लंबाई : स्पीड ब्रेकर का आकार गोलाकार (Rounded Hump) होना चाहिए और इसकी चौड़ाई 3.7 मीटर (लगभग 12 फीट) होनी चाहिए।
त्रिज्या : इसकी गोलाकार सतह की त्रिज्या 17 मीटर नियत की गई है।
निर्धारित गति : स्पीड ब्रेकर इस तरह बनाया जाना चाहिए कि वाहन 25 किलोमीटर प्रति घंटा की सुरक्षित गति से बिना किसी तेज झटके के इन्हें पार कर सके।
सड़क की चौड़ाई : स्पीड ब्रेकर पूरी सड़क या कैरिजवे (Carriageway) की चौड़ाई तक बनाया जाना चाहिए, ताकि वाहन चालक साइड से निकलने की कोशिश न करें।
चेतावनी संकेत : स्पीड ब्रेकर से पहले पर्याप्त दूरी पर चेतावनी संकेत (Road Sign) और रात में दिखने के लिए उस पर ल्यूमिनस पेंट होना अनिवार्य है।
ये भी पढ़ें
कहां बन सकते हैं स्पीड ब्रेकर
मुख्य हाईवे या बड़े एक्सप्रेसवे पर स्पीड ब्रेकर बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ये मुख्य रूप से छोटी सड़कों, रिहाइशी इलाकों के मोड़ या मुख्य सड़कों से जुड़ने वाली छोटी सड़कों (T-Intersections) पर ही बनाए जा सकते हैं।
अपनी मर्जी से नहीं बना सकते
कोई भी आम नागरिक या मोहल्ले के लोग अपनी मर्जी से सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं बना सकते। ऐसा करना अवैध है। इसे हटाने का अधिकार केवल स्थानीय निकाय (नगर निगम) या लोक निर्माण विभाग अथवा एनएचएआई को है।







