जावरा के तीन गांवों में पहुंचे एसपी अमित कुमार ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, समस्याओं व शिकायतों के निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जावरा अनुभाग के रानीगांव, भीमाखेड़ी और निपानिया में ग्रामीणों से जनसंवाद कर समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

जावरा के तीन गांवों में पहुंचे एसपी अमित कुमार ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, समस्याओं व शिकायतों के निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
रानीगांव में जनसंवाद करते एसपी अमित कुमार।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनने और पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसपी अमित कुमार द्वारा जिले में जनसंवाद किया जा रहा है। रविवार को एसपी ने जावरा अनुभाग के कालूखेड़ा एवं पिपलौदा थाना क्षेत्र के तीन गांव में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को समस्याएं, शिकायतें निराकृत कर सुझावों पर अमल के निर्देश दिए।

एसपी द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं गांवों में आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने की मुहिम प्रारंभ की गई है। इसके तहत लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जा रही है, ताकि उनकी समस्याओं एवं सुझावों को समझकर पुलिस व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जा सकें। एसपी ने जिले के सभी एसडीओपी, सीएसपी एवं थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से जनसंवाद आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

ये भी पढ़ें

रानीगांव से हुई जनसंवाद की शुरुआत

एसपी अमित कुमार भ्रमण के दौरान सबसे पहले थाना कालूखेड़ा अंतर्गत ग्राम रानीगांव पहुंचे। यहां ग्राम पंचायत में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ बैठक आयोजित कर क्षेत्र की समस्याओं, पुलिस से संबंधित शिकायतों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव प्राप्त किए। ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधीक्षक ने मौके पर उपस्थित एएसपी रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से परीक्षण कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

ये भी पढ़ें

भीमाखेड़ी और निपानिया में भी किया जनसंवाद

इसके बाद एसपी पिपलौदा थानान्तर्गत ग्राम भीमाखेड़ी एवं ग्राम निपानिया पहुंचे। यहां भी उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी विषयों, पुलिस से अपेक्षाओं और स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। एसपी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं एवं शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण करने तथा आमजन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी रहे मौजूद

जनसंवाद के दौरान एएसपी रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल, एसडीओपी (जावरा) संदीप मालवीय, सीएसपी (जावरा) युवराज सिंह चौहान, डीएसपी आनंद सोनी, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, कालूखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सेमलिया, पिपलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंगार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें