मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया सप्तपर्णी और गुलमोहर के पौधों का रोपण

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान श्यामला हिल्स, भोपाल में सप्तपर्णी और गुलमोहर के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. कपिल तिवारी ने भी पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान ने पौधारोपण के साथ ही श्रमदान भी किया।

Nov 30, 2021 - 13:45
Nov 30, 2021 - 14:07
 0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया सप्तपर्णी और गुलमोहर के पौधों का रोपण

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान श्यामला हिल्स, भोपाल में सप्तपर्णी और गुलमोहर के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. कपिल तिवारी ने भी पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान ने पौधारोपण के साथ ही श्रमदान भी किया।

गुलमोहर और सप्तपर्णी का महत्व

गुलमोहर को विश्व के सुंदरतम वृक्षों में से एक माना जाता है। गुलमोहर की पत्तियों के बीच बड़े-बड़े गुच्छों में खिले फूल, इस वृक्ष को अलग ही आकर्षण प्रदान करते हैं। गर्मी के दिनों में गुलमोहर के पेड़ पत्तियों की जगह फूलों से लदे हुए रहते हैं। यह औषधीय गुणों से भी समृद्ध है। सप्तपर्णी, एक सदाबहार औषधीय वृक्ष है, जिसका आयुर्वेद में बहुत महत्व है। इस औषधीय पौधे का उपयोग विभिन्न दवाओं के निर्माण में किया जाता है।

पद्मश्री डॉ. कपिल तिवारी का परिचय

साहित्यकार डॉ. कपिल तिवारी वर्ष 2021 में पद्मश्री से सम्मानित हुए हैं। डॉ. तिवारी का जन्म सागर में हुआ था। साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े डॉ. तिवारी ने लोक संस्कृति साहित्य से संबंधित 93 पुस्तकों का संपादन किया है। उन्होंने मध्यप्रदेश में आदिवासी एवं लोक कलाओं और लोक कलाकारों के संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है । विशेष रूप से आदिवासी समुदायों के देवलोक पर केन्द्रित दो मोनोग्राफ का संपादन किया, जो गौड और कूरकू जनजाति पर केन्द्रित है।

डॉ. तिवारी जनजातीय लोककला अकादमी संस्कृति विभाग में 30 वर्ष तक निदेशक रहे हैं। संस्कृति विभाग में डॉ. तिवारी ने अविभाजित मध्य प्रदेश के जनजातीय बहुल क्षेत्रों से होनहार लोक कलाकारों को खोजकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच प्रदान किया। डॉ. तिवारी के प्रयासों से मध्य प्रदेश की लोक संस्कृति और कलाओं को एक अलग पहचान मिली। उन्होंने लोक कलाओं पर कई पुस्तकें भी लिखी हैं। केंद्र सरकार ने डॉ. तिवारी को 2021 में पद्मश्री से अलंकृत किया है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।