गुरु को शब्दांजलि ! प्रो. अजहर हाशमी की प्रथम पुण्यतिथि पर 10 जून को होगा ‘संस्मरणों की स्वर्णिम सांझ’ का आयोजन
प्रसिद्ध साहित्यकार, कवि और गीता मनीषी प्रो. अजहर हाशमी की प्रथम पुण्यतिथि पर 10 जून को रतलाम प्रेस क्लब में ‘संस्मरणों की स्वर्णिम सांझ’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें शिष्य और आत्मीयजन उनकी स्मृतियां साझा करेंगे।
शिष्य और आत्मीयजन साझा करेंगे गीता मनीषी एवं राष्ट्रवादी चिंतक की प्रेरक स्मृतियां
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । प्रसिद्ध साहित्यकार, कवि, गीता मनीषी, भारतीय संस्कृति के अध्येता एवं राष्ट्रवादी चिंतक प्रो. अजहर हाशमी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर 10 जून को रतलाम के प्रेस क्लब भवन में एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन होगा। ‘संस्मरणों की स्वर्णिम सांझ’ नाम से होने वाले इस आयोजन में उनके शिष्य, सहयोगी, साहित्य प्रेमी तथा उनसे जुड़े आत्मीयजन उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग साझा करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक श्वेता नागर ने बताया कि प्रो. अजहर हाशमी का व्यक्तित्व और कृतित्व बहुआयामी था। उन्होंने साहित्य, अध्यात्म, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र चिंतन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके विचार और जीवन दर्शन आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। यही कारण है कि उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर उनके शिष्यों द्वारा यह विशेष आयोजन किया जा रहा है, जिसमें उनके जीवन से जुड़े संस्मरणों को साझा कर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा।
नागर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को प्रो. हाशमी के विचारों, मूल्यों और सांस्कृतिक दृष्टि से परिचित कराना भी है। आयोजन में उनके व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला जाएगा तथा उनके साहित्यिक और वैचारिक अवदान को याद किया जाएगा।
ये भी पढ़ें
इन्होंने किया आग्रह
महाविद्यालय विद्यार्थी परिवार के संयोजक एवं अपर लोक अभियोजक सतीश त्रिपाठी, मार्गदर्शक मंडल की वरिष्ठ सदस्य डॉ. प्रवीणा दवेसर, पूर्व प्राचार्य डॉ. अनिला कंवर, व्याख्याता नंदिनी सक्सेना, पत्रकार आरिफ कुरैशी, तुषार कोठारी, हेमंत भट्ट, नीरज कुमार शुक्ला तथा समाजसेविका अदिति दवेसर ने जिले के साहित्य प्रेमियों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रो. अजहर हाशमी को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया है।
ये भी पढ़ें







