विधायक क्रिकेट महोत्सव 2023 के रात्रिकालीन मुकाबलों में पहुंचे विधायक चेतन्य काश्यप, परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

चेतन्य काश्यप विधायक क्रिकेट महोत्सव 2023 में बीती रात भी मुकाबले हुए। इसमें विधायक काश्यप ने पहुंच कर उत्साहवर्धन किया।

May 4, 2023 - 14:43
 0
विधायक क्रिकेट महोत्सव 2023 के रात्रिकालीन मुकाबलों में पहुंचे विधायक चेतन्य काश्यप, परिचय प्राप्त कर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
विधायक क्रिकेट महोत्सव के रात्रिकालीन क्रिकेट मुकाबलों में पहुंचे विधायक चेतन्य काश्यप अन्य।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम चेतन्य काश्यप विधायक क्रिकेट महोत्सव-2023 में हो रहे रात्रिकालीन मुकाबलों का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। नेहरू स्टेडियम में खेले जा रहे मैच के दौरान देर रात विधायक चेतन्य काश्यप भी मैदान पर पहुंचे। यहां उन्होंने मैदान पर उपस्थित दोनों टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। खिलाड़ियों ने काश्यप और अतिथियों का स्वागत किया।

इस दौरान विधायक काश्यप के साथ विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, मंडल अध्यक्ष विनोद यादव, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद करमचंदानी, नंदकिशोर पंवार, आयोजन समिति सदस्य सदस्य अनुज शर्मा एवं नीलेश पटेल उपस्थित रहे। बारिश की आशंका के बीच भी मैदान पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैच देखने के लिए उपस्थित रहे। 

बीती रात एसएस मजहर और सैय्यद के बीच हुए मुकाबले में एसएस की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। बल्लेबाजों ने मैदान पर उतरते ही ताबड़तोड़ रन बनाने शुरू कर दिए। इस दौरान लगातार विकेट भी गिरते रहे लेकिन जो भी बल्लेबाज मैदान पर आता, वह रन बनाने में जुटता नजर आया, जिसके चलते निर्धारित ओवर में एसएस मजहर की टीम ने नौ विकेट खोकर 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैय्यद की टीम के हौसले पहले ओवर से ही पस्त होते नजर आए। एसएस की गेंदबाजी के आगे लगातार विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। सैय्यद की टीम नौ विकेट खोकर 55 रन ही बना सकी। एसएस मजहर ने यह मैच 52 रन से जीत लिया।

एक अन्य मैच में राइजिंग स्टार और संडे इलेवन का आमना-सामना हुआ। इसमें राइजिंग स्टार ने पांच विकेट खोकर 81 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी संडे इलेवन के खिलाड़ी एक के बाद एक विकेट गिरने से वापस लौटते नजर आए। टीम नौ विकेट खोकर महज 40 रन ही बना सकी, जिसके चलते राइजिंग स्टार ने मुकाबला 41 रन से जीत लिया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।