निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने पर उद्यमियों को 800 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से अनुदान देगी मप्र सरकार- चेतन्य काश्यप

लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम 2026 के समापन पर एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने वाले उद्यमियों को 800 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से अनुदान देने की बात कही। उन्होंने नए लघु उद्योगों के लिए 50 प्रतिशत तक सब्सिडी और दो माह में ऑनलाइन सब्सिडी वितरण की जानकारी दी।

निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने पर उद्यमियों को 800 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से अनुदान देगी मप्र सरकार- चेतन्य काश्यप
लघु उद्योग भारती की उद्यम समागम स्मारिका का विमोचन करते मंत्री चेतन्य काश्यप एवं अन्य अतिथि।

एमएसएमई मंत्री बोले- नए लघु उद्योगों के लिए 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान, दो माह में ऑनलाइन मिल रही सब्सिडी; लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम 2026 का समापन 

एसीएन टाइम्स @ इंदौर । निजी स्तर पर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाने वाले उद्यमियों के लिए मध्यप्रदेश सरकार अनुदान देगी। एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि यदि उद्यमी अपने क्षेत्र में लघु उद्योगों की स्थापना के लिए नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाते हैं, तो राज्य सरकार 800 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से अनुदान देगी।

लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम 2026 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री काश्यप ने कहा कि नवीन लघु उद्योग स्थापित करने के लिए सरकार की ओर से 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सब्सिडी वितरण के मामले में मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां दो माह में ऑनलाइन सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।

लघु उद्योगों के विस्तार के लिए जाग्रति जरूरी

चेतन्य काश्यप ने लघु उद्योग भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समागम चिंतन के लिए होते हैं। लघु उद्योगों के विस्तार के लिए जाग्रति आवश्यक है और लघु उद्योग भारती इस दिशा में पूरी शिद्दत से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण और उद्योगों के विस्तार से रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है।

ये भी पढ़ें

सरकार की नीतियों में लघु उद्योगों की आवाज पहुंचाने में योगदान

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू ने कहा कि संगठन के 27 राज्यों में 70 हजार सदस्य हैं। छोटे उद्योगों की बात सरकार तक पहुंचाने के साथ ही उद्यमियों के हित में नीतियां बनवाने और उनके क्रियान्वयन में लघु उद्योग भारती महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में संगठन के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में 65 महिला इकाइयां स्वतंत्र रूप से कार्य कर रही हैं।

‘आर्थिक आजादी का आधार लघु उद्योग’

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाशचंद्र जी ने कहा कि संगठन में टीम वर्क की भावना है और यह कार्यकर्ता आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक आजादी का आधार लघु उद्योग है। लघु उद्योग भारती हजारों वर्षों की परंपराओं को विकसित करने का कार्य कर रही है।

ये भी पढ़ें

55 जिलों में उद्योग हित में सक्रिय हैं इकाइयां

लघु उद्योग भारती मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों में संगठन की इकाइयां उद्योग हित में कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम का संचालन लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री अरुण सोनी ने किया। अंत में महिला इकाई की अध्यक्ष वर्षा जैन ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती की उद्यम समागम स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

देशभर से पदाधिकारी और उद्यमी हुए शामिल

कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वज्जू भाई वगासिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ताराचंद गोयल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर मुंदडा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अतीत अग्रवाल, आरएसएस के मध्य क्षेत्र कार्यवाह अशोक अग्रवाल, छत्तीसगढ़ प्रांत की अध्यक्ष सी. पी. दुबे, डीआरडीओ एवं डिफेंस क्षेत्र के चीफ एडवाइजर जितेंद्र सिंह सहित लघु उद्योग भारती की देश, प्रदेश और प्रांतों की विभिन्न जिला इकाइयों के पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें