ये ठगी गजब है ! ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट नारकोटिक्स TI’ ने प्रॉपर्टी ब्रोकर से ठगे 3.45 करोड़ रुपए, मकान-प्लॉट हड़पने और MD ड्रग रखकर फंसाने की धमकी देने का भी आरोप

रतलाम में खुद को मंदसौर की नारकोटिक्स टीआई बताकर प्रॉपर्टी ब्रोकर से 3.45 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप। मकान-प्लाट हड़पने और एनकाउंटर व NDPS केस में फंसाने की धमकी देने की शिकायत।

ये ठगी गजब है ! ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट नारकोटिक्स TI’ ने प्रॉपर्टी ब्रोकर से ठगे 3.45 करोड़ रुपए, मकान-प्लॉट हड़पने और MD ड्रग रखकर फंसाने की धमकी देने का भी आरोप
रतलाम के प्रॉपर्टी ब्रोकर को एक महिला द्वारा फर्जी नारकोटिक्स टीआई बनकर ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।

एनकाउंटर करने और बेटी की सगाई तुड़वाने की धमकी भी दी, पुलिस ने दर्ज किया केस

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के तेजानगर निवासी एक प्रॉपर्टी ब्रोकर और मकान निर्माण का काम करने वाले व्यक्ति ने एक महिला पर 3.45 करोड़ रुपए से ज्यादा ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार ठग ने खुद को मंदसौर की नारकोटिक्स टीआई और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट बताते हुए एनकाउंटर करने, बेटी और पत्नी को MD ड्रग के झूठे केस में फंसाने तक की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार तेजानगर निवासी फरियादी रूपेश चरपोट (प्रॉपर्टी ब्रोकर व कंस्ट्रक्शन व्यवसायी) ने  माणकचौक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि दिसंबर 2025 में उनके पास सपना ठाकुर (टांक) नाम की महिला का काल आया था। उसने खुद को मंदसौर में 'नारकोटिक्स टीआई' बताया और दावा किया कि वह विजय लोढ़ा से जुड़े पुराने कोर्ट केस में पैसे रिकवर करवा देगी। इसके लिए उसने विजय लोढ़ा के खिलाफ दर्ज एफआईआर की कॉपी मांगी और पीड़ित से लगातार संपर्क बनाए रखा।

पहले 70 लाख रुपए, फिर रिश्तेदार से 15 लाख

पीड़ित के मुताबिक शुरुआत में सपना ठाकुर ने विजय लोढ़ा के मकान और फ्लैट की कुर्की तथा अन्य कानूनी कार्रवाई कराने के नाम पर उससे करीब 70 लाख रुपए नकद लिए। इसके बाद उसने कथित तौर पर बैंक लोन चुकाने पर लोढ़ा का मकान और फ्लैट पीड़ित के नाम कराने का भरोसा दिया। पीड़ित ने अपने जीजा कमल मल्लारा से भी सपना ठाकुर की मुलाकात कराई। आरोप है कि महिला ने उनके मुंबई से जुड़े मामले में मदद कराने के नाम पर उनसे 15 लाख रुपए नकद ले लिए।

ये भी पढ़ें

42 लाख का उधारीनामा लिखवाया, फिर RTGS से 22 लाख

आरोप है कि फरवरी 2026 में सपना ठाकुर ने पीड़ित से कहा कि विजय लोढ़ा वाले मामले में उसके नाम पर उधारी दिखाना जरूरी है। इसके बाद 42 लाख रुपए का उधारीनामा लिखवाया गया। बाद में पीड़ित के खाते से सपना ठाकुर के खाते में 22 लाख रुपए RTGS के जरिए ट्रांसफर करवाए गए। इसके बाद स्टाम्प ड्यूटी और अन्य खर्चों का हवाला देकर कथित तौर पर 15 लाख रुपए और लिए गए।

प्लॉट 10 दिन में वापस करने का कहा लेकिन नामांतरण हो गया

पीड़ित ने बताया कि तुलसी विहार कॉलोनी स्थित उसके LIG-06 प्लॉट, जिसका क्षेत्रफल 13×55 फीट है, को भी सपना ठाकुर ने अपने नाम करवा लिया। उसने दस दिन में रिटर्न रजिस्ट्री कराकर प्लॉट वापस करने का भरोसा दिया था, लेकिन ऐसा नहीं किया। इसके बाद नामली 8-लेन पर अपनी जमीन होने की बात कहते हुए सपना ठाकुर ने साझेदारी में पेट्रोल पंप लगाने का प्रस्ताव दिया और निवेश करने के नाम पर 35 लाख रुपए ले लिए। बाद में बिरमावल रोड स्थित 100 बीघा जमीन पर KCC लोन भरने के नाम पर 20 लाख रुपए और लिए।

ये भी पढ़ें

बेटी की शादी के लिए रखे 105 ग्राम सोने के जेवर भी लिए

पीड़ित का आरोप है कि सपना ठाकुर ने विजय लोढ़ा वाले मामले में कोर्ट के चक्कर लगाने और खर्च होने की बात कहकर उसकी बेटी मुस्कान की शादी के लिए रखे करीब 105 ग्राम सोने के जेवर भी ले लिए। इसके बाद कथित तौर पर पीड़ित को ‘दीवालिया’ दिखाने के लिए उसके मकान को गिरवी रखने की बात कही गई।

रजिस्ट्री, चेक और फिर मांग लिए नगद रुपए

शिकायत के अनुसार तेजानगर स्थित मकान की रजिस्ट्री सपना ठाकुर ने अपने नाम करवा ली। बेचाननामे में मकान की कीमत 32 लाख 93 हजार रुपए दर्ज होने की बात कही गई है। पीड़ित के मुताबिक सपना ठाकुर ने चेक के जरिए उसे 20 लाख रुपए दिए, लेकिन अगले ही दिन वे रुपए नकद वापस मांग लिए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने दो अलग-अलग बैंक खातों से रकम निकालकर 20 लाख रुपए वापस कर दिए। इसके बदले सपना ठाकुर ने दस दिन में मकान की रजिस्ट्री वापस उसके नाम कराने का भरोसा दिया था।

ये भी पढ़ें

कैमरे लगवाए, मकान पर ताला लगाया और घर खाली करवाया

पीड़ित के मुताबिक इसके बाद सपना ठाकुर उसके तेजानगर स्थित घर पहुंची और एक वीडियो बनवाया। उससे वीडियो में यह कहलवाया गया कि उसने अपना मकान 1 करोड़ 30 लाख रुपए में बेच दिया है, मकान पर कोई लोन या उधारी नहीं है और भाई-बहनों को भी मकान बेचने पर कोई आपत्ति नहीं है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद मकान का नामांतरण भी सपना ठाकुर के नाम हो गया। मकान पर कैमरे लगवाए गए, जिनका खर्च भी पीड़ित ने उठाया। बाद में कथित तौर पर मकान पर ताला लगा दिया गया और उसे परिवार सहित घर खाली करना पड़ा। पीड़ित के अनुसार वर्तमान में वह पत्नी और बेटी के साथ अपने भाई पंकज के काटजूनगर स्थित मकान में रह रहने को मजबूर है।

MD पाउडर रखकर NDPS केस में फंसाने का आरोप भी

शिकायत में सबसे गंभीर आरोप धमकियों को लेकर लगाए गए हैं। पीड़ित का कहना है कि जब उसने आगे रुपए देने से इनकार किया तो सपना ठाकुर उसे कथित तौर पर धमकाने लगी। आरोप है कि महिला ने उसे और उसकी पत्नी-बेटी को MD पाउडर रखकर झूठे NDPS केस में फंसाने, बेटी मुस्कान की शादी तुड़वाने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। उसे यह भी कहा गया कि वह ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ है और उसका भी एनकाउंटर कर सकती है।

ये भी पढ़ें

मोबाइल कराया फॉर्मेट, प्रॉपर्टी ब्रोकर के नाम दो सिम जारी करवाई

पीड़ित का आरोप है कि सपना ठाकुर ने उसका मोबाइल भी फॉर्मेट करवा दिया, ताकि उसके खिलाफ मौजूद कथित सबूत खत्म हो जाएं। उसने पीड़ित के नाम से एक जियो और एक एयरटेल की नई सिम भी जारी करवाई थी। महिला ने कथित तौर पर कहा था कि हाईकोर्ट से संबंधित मैसेज और OTP इन्हीं सिमों पर आएंगे और दोनों सिम उसे देने को कहा था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे अब दोनों सिमों के नंबर याद नहीं हैं।

फोन किया तो मिला धमकी भरा जवाब

पीड़ित के अनुसार 23 सितंबर 2026 को उसने सपना ठाकुर को फोन कर अपने मकान और प्लॉट वापस करने की बात कही। इस पर उसे फोन न करने की चेतावनी देते हुए कहा गया कि ‘आज के बाद मुझे फोन मत लगाना, नहीं तो अच्छा नहीं होगा।’ पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सपना ठाकुर ने विश्वास में लेकर, डराया-धमकाया और उससे 3 करोड़ 45 लाख 75 हजार 900 रुपए ठगने तथा तेजा नगर का मकान और तुलसी विहार कॉलोनी का प्लाट हड़प लिए हैं।

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस

पीड़ित की शिकायत पर माणक चौक पुलिस थाना ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318(4), 308(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी महिला तक पहुंच चुकी है।

ये भी पढ़ें