पंजाबी फिल्मों के अभिनेता और लाल किला हिंसा के मुख्य आरोपी दीप सिद्धू की सड़क हादसे में मौत, पंजाब के सीएम ने जताया शोक

मंगलवार को हुए सड़क हादसे में पंजाबी फिल्म अभिनेता की मौत हो गई। हादसा दिल्ली से पंजाब लौटते समय हुआ। पंजाब के मुख्यमंत्री ने सिद्धू की मौत पर शोक जताया है।

Feb 16, 2022 - 00:47
 0
पंजाबी फिल्मों के अभिनेता और लाल किला हिंसा के मुख्य आरोपी दीप सिद्धू की सड़क हादसे में मौत, पंजाब के सीएम ने जताया शोक
पंजाबी फिल्म अभिनेता दीप सिद्धू।

दिल्ली से बठिंडा जाते समय कुंडली मानेसर एक्सप्रेस-वे पर पीपली टोल के पास आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी दीप की स्कॉर्पियो

एसीएन टाइम्स @ नई दिल्ली । पंजाबी फिल्म एक्टर तथा 26 जनवरी हिंसा मामले में जमानत पर रिहा चल रहे दीप सिद्धू (Deep Sidhu) की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा कुंडली मानेसर एक्सप्रेस-वे पर पीपली टोल के पास हुआ। दिल्ली से बठिंडा जाते समय उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शोक व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार अभिनेता दीप सिद्धू स्कॉर्पियो वाहन से दिल्ली से बठिंडा जा रहा थे। उनके साथ उनकी रीना नामक महिला मित्र भी थीं। मंगलवार रात 9.30 बजे खरखोदा थाना क्षेत्र के कुंडली मानेसर एक्सप्रेस-वे पर पीपली टोल के पास उनकी स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक ट्रेलर में जा घुसी। इससे सिद्धू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महिला मित्र बाल-बाल बच गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही सोनीपत पुलिस घटना स्थल पहुंच गई। अन्य आला अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस ने सिद्धू का शव पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। हादसे के बाद आरोपी चालक फरार हो गया था।

26 जनवरी को लाल किले पर हुई हिंसा के थे आरोपी, इनाम भी हुआ था घोषित

गौरतलब है कि दीप सिद्धू किसान आंदोलन के समय काफी सुर्खियों में आए थे। उन्होंने किसान आंदोलन में शिरकत की थी। 26 जनवरी 2021 को राजधानी दिल्ली में लाल किले पर ट्रैक्टर परेड हुई थी। इस दौरान लाल किले में हुई हिंसा के मामले में दीप आरोपी थे। लाल किला हिंसा में पुलिस ने 17 आरोपियों के खिलाफ यूएपी सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया था। इसमें दीप सिद्धू मुख्य आरोपी थे। उन पर भीड़ को उकसाने तथा लाल किले पर तिरंगा हटाकर निशान साहिब फहराने का आरोप था। उस समय सिद्धू की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। फरवरी 2021 में दीप की गिरफ्तारी हुई थी। अप्रैल 2021 में उन्हें कोर्ट ने ज़मानत दी थी।

बता दें कि- दीप सिद्धू ने रमता जोगी’, ‘जोरा-10 नंबरिया’, ‘जोरा : द सेकंड चैप्टरजैसी पंजाबी फिल्मों में उल्लेखनीय भूमिकाएं निभाईं। सिद्धू की मौत पर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शोक व्यक्त किया है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।