राजस्थान में पनपी प्रेम कहानी का रतलाम में खूनी अंत! पहले होटल में चार घंटे रुके, फिर प्रेमी ने घोंट दिया छात्रा का गला, पुलिस ने प्रयागराज से दबोचा
राजस्थान के बांसवाड़ा की 20 वर्षीय छात्रा सुनहरी भगोरा का शव रतलाम में मिला। होटल में चार घंटे रुकने के बाद हत्या का आरोप, प्रयागराज से प्रेमी गिरफ्तार।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम / बांसवाड़़ा । राजस्थान के बांसवाड़ा से शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत रतलाम में हत्या के साथ हुआ। 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा सुनहरी भगोरा घर से लापता हुई तो परिजन उसकी तलाश में जुटे। अगले दिन उसका शव रतलाम में रेलवे ट्रैक किनारे नाले में मिला। पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा को उसके ही गांव का युवक विकास यादव अपने साथ लाया था। दोनों स्टेशन रोड स्थित एक होटल में करीब चार घंटे रुके। इसके युवक ने रेलवे ट्रैक के पास युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी। बांसवाड़ा पुलिस ने आरोपी को प्रयागराज से गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार 10 अक्टूबर को सुबह 11 से 12 बजे के बीच रतलाम जीआरपी को प्लेटफॉर्म नंबर-4 से आगे बकरा पुल के पास रेलवे ट्रैक किनारे नाले में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। जीआरपी ने शव को मेडिकल कॉलेज की शवगृह में रखवाया था। युवती की पहचान के लिए तस्वीर आसपास के थानों और जिलों की पुलिस को भेजी गई। तस्वीर बांसवाड़ा पुलिस तक पहुंची तो 12 अक्टूबर को उसकी पहचान सुनहरी पिता नारायण भगोरा निवासी ग्राम बडलिया, थाना घाटोल, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई। पुष्टि होते ही युवती के परिजन तीन वाहनों से मंगलवार को रतलाम पहुंचे जिन्हें पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें
होटल के कमरे में चार घंटे रुके
सुनहरी भगोरा स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह 9 अक्टूबर को वह घर से लापता हो गई थी। परिजन ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और विकास पर उसे साथ ले जाने का संदेह जताया। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि विकास और युवती स्टेशन रोड की मनोहर गली रतलाम स्थित होटल जय महाकाली के रूम नंबर 2 में 9 अक्टूबर की शाम को रुके थे।
होटल में शारीरिक संबंध बनाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार मामले में संदिग्ध युवक विकास को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे होटल में करीब चार घंटे रुके थे। इस दौरान विकास का शारीरिक संबंध बनाने को लेकर युवती से विवाद हो गया। इसके बाद दोनों यहां से निकले। आरोपी युवती को स्टेशन के बाहर से दूसरे रास्ते से बकरा पुल की ओर ले गया। इसकी वजह सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचना बताया जा रहा है। दोनों रेलवे ट्रैक पहुंचे जहां फिर से विवाद हुआ। इसी विवाद के बाद विकास ने सुनहरी का गला घोंट कर हत्या कर दी और शव नाले में छोड़कर फरार हो गया।
ये भी पढ़ें
शव वाली जगह से 100 मीटर दूर मिला बैग
जांच के दौरान पुलिस को युवती का कॉलेज बैग उसके शव मिलने की जगह से स्टेशन की ओर करीब 100 मीटर दूर मिला। बैग में किताबें, कॉपियां और कॉलेज की यूनिफॉर्म थी। राजस्थान पुलिस ने बैग जब्त कर लिया। रतलाम के एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल, राजस्थान पुलिस और जीआरपी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के साथ होटल और घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटा रही है।
जानिए कौन है आरोपी
पुलिस के अनुसार विकास पिता प्रतिपाल यादव बांसवाड़ा जिले के बडलिया गांव में रहता था। वह मूलतः उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के पास के गांव बिजलपुर का निवासी है। बांसवाड़ा में वह परिवार के साथ रहकर मावे की एक दुकान पर मिठाई बनाने का काम करता था। सुनहरी के लापता होने के बाद परिजन ने विकास पर संदेह जताया था। इसके आधार पर बांसवाड़ा पुलिस उसकी तलाश में प्रयागराज पहुंची, लेकिन वह गांव में नहीं मिला। बाद में पुलिस ने उसके परिजन से संपर्क किया तो पता चला कि विकास परिवार में किसी की मृत्यु के बाद पहुंचा था। पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें
दूसरी युवती से संबंध की शंका
पुलिस जांच में विकास के किसी दूसरी युवती से संबंध होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, हत्या की असल वजह और विवाद की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है। पुलिस होटल में ठहरने से लेकर घटनास्थल तक की गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों का मिलान कर रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सकेगी।
ये भी पढ़ें









