अभ्यास कॅरियर इंस्टिट्यूट में बाल दिवस पर विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग व फ्रॉड से बचने के टिप्स दिए
रतलाम के अभ्यास करियर इंस्टिट्यूट में बाल दिवस मनाया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मस्ती की पाठशाला लगाई।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शास्त्री नगर स्थित अभ्यास कॅरियर इंस्टिट्यूट में बाल दिवस हर्ष और उत्सव के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि रतलाम रेंज के डीआईजी निमिष अग्रवाल (IPS) उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, मोबाइल का सीमित एवं सतर्क उपयोग करने, साथ ही ऑनलाइन गेमिंग व ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
एमडी नीलिमा कुमावत ने बताया कि बाल दिवस पर विद्यार्थियों के लिए विविध सांस्कृतिक व प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता, वादन और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अभ्यास कॅरियर इंस्टिट्यूट के शिक्षकों ने भी गीत, नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
आत्मविश्वास में होगी वृद्धि
शिक्षकों ने विद्यार्थियों पर पुष्प वर्षा की। संस्थान की ओर से प्रत्येक विद्यार्थी को उपहार स्वरूप पेन प्रदान किया गया। संस्थान का कहना है कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास में वृद्धि करते हैं, उनकी रचनात्मकता को मंच देते हैं और उन्हें एक जागरूक तथा सकारात्मक नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।


