बड़ी खबर : रतलाम विकासखंड के बीआरसी विवेक नागर निलंबित, 48 घंटे न्यायिक अभिरक्षा में रहने पर कलेक्टर ने की कार्रवाई, जनशिक्षक से मारपीट मामले के हैं आरोपी  

रतलाम कलेक्टर ने जनशिक्षक से मारपीट के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में रहे बीआरसी विवेक नागर को निलंबित कर दिया गया है।

Sep 5, 2024 - 22:36
Sep 5, 2024 - 23:19
 0
बड़ी खबर : रतलाम विकासखंड के बीआरसी विवेक नागर निलंबित, 48 घंटे न्यायिक अभिरक्षा में रहने पर कलेक्टर ने की कार्रवाई, जनशिक्षक से मारपीट मामले के हैं आरोपी  
रतलाम बीआरसी विवेक नागर निलंबित।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम बीआरसी विवेक नागर को कलेक्टर राजेश बाथम ने निलंबित कर दिया है। कलेक्टर ने नागर के विरुद्ध यह कार्रवाई जनशिक्षक के साथ मारपीट के मामले में की गई है।

कलेक्टर राजेश बाथम द्वारा देर रात जारी आदेश के अनुसार रतलाम के बीआरसी विवेक नागर को तत्काल प्रभार से निलंबित कर दिया गया है। जारी आदेश में बताया गया है कि रतलाम विकासखंड के विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) विवेक नागर द्वारा अनुसूचित जाति के जनशिक्षक रमेशचंद्र बोरिया के साथ 13 मार्च 2024 को मारपीट करने पर पुलिस ने नागर के विरुद्ध आपराधिक केस दर्ज किया गया था।

48 घंटे से ज्यादा रहे न्यायिक अभिरक्षा में

मामले में विशेष न्यायाधीश प्रयागराज दिनकर ने 2 सितंबर 2024 को पारित आदेश के अनुसार आरोपी विवेक नागर को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। इससे नागर 29 अगस्त से 2 सितंबर 2024 तक 48 घंटे से अधिक अवधि तक न्यायिक अभिरक्षा में रहे। कलेक्टर ने आदेश में स्पष्ट किया है कि उपरोक्त कारण से नागर को मप्र सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(ख) एवं नियम 9(2)(क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में नागर का मुख्यालय जिला शिक्षा केंद्र रतलाम रहेगा। इस दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

सैलाना विधायक ने लिखा था पत्र

बता दें, कि मामले को लेकर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने संज्ञान लेकर कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिख कर बीआरसी नागर को निलंबित करने का आग्रह किया था।

यह भी पढ़ें... जनशिक्षक से मारपीट के मामले में BRC विवेक नागर सहित दो गिरफ्तार, 5 माह पूर्व BRC कार्यालय में हुआ था विवाद, जमानत याचिका खारिज होने पर हुई गिरफ्तारी

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।