CCTNS में रतलाम पुलिस बनी प्रदेश की नंबर-1, SP अमित कुमार को भोपाल में मिला सम्मान
वर्ष 2025 में CCTNS के उत्कृष्ट संचालन के लिए रतलाम पुलिस को मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान मिला। भोपाल में आयोजित ICJS राज्य स्तरीय कार्यशाला में एसपी अमित कुमार को सम्मान शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
-ICJS राज्य स्तरीय कार्यशाला में राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो ने किया सम्मानित
-डिजिटल पुलिसिंग और ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिली उपलब्धि
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) के प्रभावी संचालन एवं वर्ष 2025 के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रतलाम पुलिस को मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसके लिए एसपी अमित कुमार (भा.पु.से.) को भोपाल में सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (SCRB), पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे मिंटो हॉल, भोपाल में आयोजित किया गया था। इसमें इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) विषयक एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन भी हुआ। इसमें पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) नई दिल्ली के उपनिदेशक प्रसून गुप्ता, फॉरेंसिक एवं साइबर एक्सपर्ट मुंबई के डॉ. सैयद शरीक रिजवी, पुलिस मुख्यालय भोपाल के विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव, एनआईसी भोपाल के सुनील जैन सहित पुलिस, न्यायिक एवं तकनीकी क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में प्रदेशभर में CCTNS के प्रभावी क्रियान्वयन का मूल्यांकन किया गया। वर्ष 2025 के दौरान CCTNS प्रणाली के बेहतर संचालन और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग ने रतलाम पुलिस को प्रदेश में शीर्ष स्थान दिलाया। यह उपलब्धि अपराध एवं अपराधियों से संबंधित सूचनाओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ संधारण, ऑनलाइन पुलिस सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा डिजिटल पुलिसिंग के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर प्राप्त हुई है। इसके लिए अतिथियों ने एसपी अमित कुमार को शील्ड भेंट कर सम्मानित किया।
ये भी पढ़ें
एसपी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दी बधाई
इस उपलब्धि पर एसपी अमित कुमार ने रतलाम पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, CCTNS शाखा तथा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे रतलाम पुलिस परिवार के सामूहिक प्रयास, अनुशासन एवं तकनीकी दक्षता का परिणाम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि भविष्य में भी नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ कार्य करते रहें।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को बेहतर, त्वरित एवं पारदर्शी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें







