रतलाम : कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी संजय दवे को केले से तौलने के दौरान हुआ पथराव, एक किशोर घायल, देखें वीडियो...

शहर के वार्ड क्रमांक 22 में कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी के जनसंपर्क के दौरान पथराव हो गया। पथराव एक घर की छत से हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

Jul 8, 2022 - 00:07
Jul 8, 2022 - 00:09
 0
रतलाम : कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी संजय दवे को केले से तौलने के दौरान हुआ पथराव, एक किशोर घायल, देखें वीडियो...
मोतीनगर स्थित वह मकान जहां से पथराव हुआ।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के वार्ड क्रमांक 22 के मोतीनगर क्षेत्र में गुरुवार रात को कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी संजय दवे को केले से तौलने के दौरान पथराव हो गया। पथराव एक घर की छत से हुआ। घटना में पत्थर लगने से एक किशोर के सिर में चोट आई। घायल किशोर की माता की शिकायत पर माणक चौक थाना पुलिस ने एक महिला के विरुद्ध केस दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार मोतीनगर निवासी मंजू पति जगदीश मालवीय ने माणक चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मंजू ने पुलिस को बताया गुरुवार रात करीब 8.15 बजे मोतीनगर के मेन रोड पर जनसंपर्क का कायक्रम चल रहा था। इस दौरान वहां केले बंट रहे थे। कक्षा 8वीं में पढ़ने वाले मेरे बेटे कुलदीप उर्फ लक्की ने केला खाया और छिलका क्षेत्र की निवासी विजया पिता विनोद मीणा के घर के सामने फेंक दिया। इसे लेकर विवाद हो गया और विजया ने अपने घर की छत पर जाकर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से बेटे कुलदीप उर्फ लक्की के सिर में चोट आई है। माणकचौक पुलिस ने शिकायत के आधार पर विजया पति विनोद मीणा के विरुद्ध भादवि की धारा 294 एवं 336 में प्रकरण दर्ज किया है।

पथराव के बाद मची कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भगदड़

वार्ड 22 के कांग्रेस प्रत्याशी संजय दवे ने बताया घटना उनके जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान हुई। क्षेत्रवासियों द्वारा उन्हें केले से तौलने का कार्यक्रम रखा गया था। इसी दौरान उक्त घटना हो गई। घटना में पांच वर्षीय राखी नामक एक बच्ची को भी मामूली चोट आई। पथराव के कारण मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं व अन्य में भगदड़ मच गई। लोगों का कहना है कि जिस घर से पथराव हुआ वहां भाजपा कार्यालय संचालित है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्ट नहीं हो सकी है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।