एक ही रात में रतलाम के तीन मंदिरों में चोरी करने वाले दो चोर गिरफ्तार, बाइक चुराई, महाराष्ट्र के मंदिर में भी की थी चोरी

रतलाम पुलिस ने मंदिरों में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 1 लाख 10 हजार रुपए का चोरी का सामान बरामद किया है।

May 30, 2025 - 18:30
 0
एक ही रात में रतलाम के तीन मंदिरों में चोरी करने वाले दो चोर गिरफ्तार, बाइक चुराई, महाराष्ट्र के मंदिर में भी की थी चोरी
रतलाम के तीन मंदिरों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । एक ही रात में शहर के तीन मंदिरों में चोरियां करने वाले दो चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खांगलने पर चोरों का सुराग लगा। आरोपियों ने एक बाइक भी चुराई थी। उन्होंने महाराष्ट्र के मंदिर में भी चोरी करना कबूल किया है। आरोपियों के पास से 1 लाख 10 हजार रुपए मूल्य का सामान भी बरामद हुआ है।

एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि 26 मई 2025 की मध्यरात्रि रतलाम शहर के पंचेश्वर हनुमान मंदिर थावरिया बाजार, शांतिनाथ मंदिर विक्रम नगर रतलाम व माताजी मंदिर रेलवे कॉलोनी में ताला तोडकर दानपात्र से नगदी व चाँदी के पात्र चोरी हुए थे। इसी रात आरजू कॉटेज सैलाना यार्ड रतलाम से एक मोटर साइकिल क्रमांक MP48MN2799 भी चोरी हुई थी। मामले में स्टेशन रोड थाने पर अपराध क्र. 454/2025 एवं अप.क्र. 455/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज किया गया था। इसी तरह औद्योगिक क्षेत्र थाना रतलाम पर अपराध क्र. 408/2025 धारा 303(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

सैलाना यार्ड से चुराई थी मोटरसाइकिल

मामले में एएसपी राकेश खाखा एवं सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में निरीक्षक अय्यूब खान (थाना प्रभारी बिलपांक), निरीक्षक स्वराज डाबी (थाना प्रभारी स्टेशन रोड) के नेतृत्व में थाना बिलपांक की टीम गठित की गई थी। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। पुलिस टीम ने घटना वाले दिन से रतलाम शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे को सूक्ष्मता से देखना शुरू किया। इसकी मदद से ज्ञात हुआ कि उक्त घटना में दो अज्ञात आरोपी द्वारा कारित करने व घटना के उपरांत सैलाना यार्ड से मोटरसाइकल चोरी करके अपने साथ सालाखेड़ी हाईवे पर इंदौर तरफ जाते दिखे।

इंदौर में छिपा कर रखी थी मोटर साइकिल

एसपी ने बताया कि आरोपीगणों को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ट्रैक किया गया। इसमें वे द्वारिकापुरी इन्दौर में बनी मल्टियों तक पहुचे थे। पुलिस ने करीब 250 कैमरों के फुटेज खंगाले। इनमें फुटैज एवं सूचना से प्राप्त साक्ष्य के आधार पर पुलिस टीम के द्वारा दो बदमाशों को पकड़ा। पूछताछ करने पर उन्होंने रतलाम के तीनों मंदिरों में चोरी करना एवं एक मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों प्रारंभिक पूछताछ में महाराष्ट्र जाकर मंदिर में चोरी करना के भी बात कही है। अतः उनसे अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त और चुराई गई मोटर साइकिल इन्दौर में छिपा कर रखने की जानकारी दी जहां से उन्हें जब्त कर लिया गया है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

  1. सूरज पिता नवलसिंह ठाकुर (22), निवासी कुंदननगर मल्टी, गली नंबर 04, थाना द्वारिकापुरी, इंदौर।
  2. सुल्तान पिता राशिद शेख फकीर (23), निवासी एम. मल्टी, थाना द्वारिकापुरी, इंदौर।

यह सामान हुआ बरामद

आरोपियों के पास से मंदिर में प्रयुक्त चाँदी के 28 पात्र (दो थाली, चार छोटे लोटे, दो गिलास, दो छोटे कलश, दो छीटी प्लेट, दो छोटे दीपक, पांच छोटी कटोरी, दो बड़ी कटोरी, दो बड़े दीपक, चार चम्मच, एक कलश सुराही जैसा) बरामद किए गए हैं। इनका कुल वजन 01 किलो 100 ग्राम है। इसके अलावा 2000 रुपए नकद भी मिले। इस तरह कुल करीब 1 लाख 10 हजार रुपए का माल बरामद किया गया है।

इनकी मदद से पकड़ाए आरोपी

आरोपियों को पकड़ने में निरीक्षक अय्यूब खान (थाना प्रभारी बिलपांक), निरीक्षक स्वराज डाबी (थाना प्रभारी स्टेशन रोड), उप निरीक्षक अमित शर्मा, प्रधान आरक्षक ईश्वरसिह, आरक्षक माखनसिंह, संजय सोनी, सीसीआर के आरक्षक समरथ डुडवे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी तरह उप निरीक्षक रूपसिंह शक्तावत,  प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, अजय शर्मा,  सीसीटीवी कंट्रोलरूम के आरक्षक देवेंद्र डोडिया व पारस चावला की सराहनीय भूमिया रही।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।