शीतलहर का असर । रतलाम में सरकारी स्कूल लगाने का समय सुबह 10.30 बजे निर्धारित, निजी स्कूलों के लिए निर्णय उनके प्रबंधन पर छोड़ा

रतलाम के जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सरकारी स्कूलों के संचालन का समय सुबह 10.30 बजे निर्धारित किया है। निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन का निर्णय उनके प्रबंधन पर छोड़ा है।

Dec 20, 2023 - 16:13
Dec 20, 2023 - 16:16
 0
शीतलहर का असर । रतलाम में सरकारी स्कूल लगाने का समय सुबह 10.30 बजे निर्धारित, निजी स्कूलों के लिए निर्णय उनके प्रबंधन पर छोड़ा
रतलाम जिले में सरकारी स्कूलों के संचालन का समय सुबह 10.30 बजे निर्धारित किया गया है।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । उत्तर भारत की बर्फीली हवाओं के कारण रतलाम सहित पूरे मध्य प्रदेश में भी ठिठुरन बढ़ गई है। लगातार तापमान कम होने से शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के संचालन का समय सुबह 10.30 बजे से निर्धारित कर दिया है। विभाग ने निजी स्कूलों के लगने का समय तय करने की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन पर छोड़ दी है। अभिभावकों में इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया है।

तापमान में लगातार गिरावट के चलते बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी के. सी. शर्मा ने आदेश जारी किया है। आदेश स्कूलों के संचालन के समय को लेकर है। इसके अनुसार शासकीय स्कूल संचालन का समय सुबह 10:30 बजे से निर्धारित किया गया है। इसमें माध्यमिक शिक्षा मंडल, सीबीएसई सहित सभी सरकारी स्कूल शामिल हैं। विभाग ने निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन को लेकर कोई निर्देश नहीं दिया है। इसका निर्णय लेने का जिम्मे स्कूल प्रबंधन पर ही छोड़ दिया गया है। हालांकि, सुझाव दिया गया है कि स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर समय निर्धारित कर सकते हैं। अपेक्षा की गई है कि मौसम और बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्कूल संचालन का समय परिवर्तन को लेकर अपने स्तर पर निर्णय लें।

निजी स्कूलों को अपने हाल पर छोड़ने को लेकर आमजन में प्रतिक्रिया है। लोगों का मानना है कि विभाग द्वारा निजी स्कूलों के लिए समय परिवर्तन की बाध्यता नियत नहीं करने से स्कूल प्रबंधन स्वच्छंद हो जाएगा। ऐसे में बच्चों की सेहत से खिलवाड़ हो सकता है। ऐसे मामलों में पूर्व में भी निजी स्कूलों के प्रबंधन का रवैया इसके उलट ही रहा है।

ये है तापमान की स्थित

तीन दिन में न्यूनतम तापमान में लगभग 4 डिग्री की कमी देखी गई है। 17 दिसंबर को अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम 14 डिग्री रहा था। यह 18 दिसंबर को घटकर क्रमश: 25 डिग्री और 11 डिग्री सेल्सियस हो गया। 19 दिसंबर को अधिकतम 24.2 डिग्री और न्यूनतम 10.2 डिग्री रहा। शीतलहर के कारण गुरुवार को भी दिन में अपेक्षाकृत ज्यादा ठंड महसूस की गई। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार फिरहाल तापमान में गिरावट जारी रहेगी। खासकर रात के तापमान में अभी और कमी आने का अनुमान है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।