BJYM की तिरंगा वाहन रैली में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, प्रदेश अध्यक्ष 'श्याम' बने जिला अध्यक्ष अनुकूल सोनी के सारथी
रतलाम में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित तिरंगा वाहन रैली के समापन पर भव्य मंचीय कार्यक्रम हुआ। युवाओं ने तिरंगे की गरिमा बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अनुकूल सोनी द्वारा तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर जिला अध्यक्ष सोनी के सारथी बने। यानी बाइक टेलर ने चलाई और सोनी उनके पीछे सवार होकर सभी का अभिवादन करते चल रहे थे। रैली के समापन पर भव्य मंचीय कार्यक्रम हुआ जिसमें प्रदेशाध्यक्ष जिले के युवाओं से राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रारंभ में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने मंचासीन सभी अतिथियों का तिरंगा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। स्वागत भाषण में उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों के साथ ही रतलाम जिले की 5 विधानसभाओं के 25 मंडलों से बड़ी संख्या में पहुंचे युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने तिरंगा वाहन रैली में शामिल सभी युवाओं से राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने की विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के पश्चात यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार से राष्ट्रध्वज तिरंगे का अपमान न हो। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि रैली में उपलब्ध कराए गए तिरंगे को 15 अगस्त को अपने घर पर सम्मानपूर्वक सबसे ऊंची जगह पर फहराएं तथा सदैव तिरंगे की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखें।
महापौर प्रहलाद पटेल एवं भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने भी संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित के कार्यों के साथ-साथ संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बजरंग पुरोहित, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप यादव, सैलाना की पूर्व विधायक संगीता चारेल, अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप मकवाना, अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोविंद डामोर, भाजयुमो के प्रदेश आईटी प्रभारी शुभम गुर्जर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। संचालन सौरभ रांका ने किया।
ये भी पढ़ें
बड़ी संख्या में युवाओं ने लिया हिस्सा
तिरंगा वाहन रैली में बड़ी संख्या में भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। तिरंगे के साथ निकली भव्य वाहन रैली और समापन कार्यक्रम में मंच से दिए गए राष्ट्रभक्ति के संदेश ने पूरे आयोजन को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। आयोजन के दौरान युवाओं में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश प्रमुखता से सामने आया।






