नर्सिंग स्टूडेंट का भविष्य अंधेरे में ! BAP विधायक डोडियार ने CM को भेजा 16 सूत्रीय मांगों का पत्र, स्थायी समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और चिकित्सा शिक्षा एवं लोक स्वास्थ्य विभाग के मंत्री को पत्र भेजकर नर्सिंग विद्यार्थियों से जुड़ी 16 लंबित मांगों के तत्काल समाधान की मांग की है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम / भोपाल। मध्यप्रदेश में नर्सिंग विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े लंबित मामलों को लेकर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सरकार के सामने 16 सूत्रीय मांगों का मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और चिकित्सा शिक्षा एवं लोक स्वास्थ्य विभाग के मंत्री को पत्र भेजा है। इसमें रीक्षा परिणाम, छात्रवृत्ति, डेटा ट्रांसफर, पंजीयन, नर्सिंग काउंसिल की कार्यप्रणाली और परीक्षा प्रक्रिया में हो रही देरी सहित विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मामलों का तत्काल और समयबद्ध निराकरण करने की मांग की है।
जारी पत्र में विधायक डोडियार ने कहा है कि परीक्षा देने के बाद परिणाम अटकने, छात्रवृत्ति लंबित रहने, डेटा ट्रांसफर नहीं होने और रजिस्ट्रेशन जैसी प्रक्रियाओं में देरी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई, प्रशिक्षण, रोजगार और भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अनेक विद्यार्थी आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहे हैं। ऐसे में अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी और समयबद्ध समाधान जरूरी है।
नर्सिंग विद्यार्थी स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी
विधायक डोडियार ने पत्र में कहा है कि नर्सिंग विद्यार्थी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि उनके साथ लगातार प्रशासनिक लापरवाही होती रही तो इसका प्रतिकूल असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से नर्सिंग विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर तत्काल उच्चस्तरीय बैठक बुलाने और समाधान की स्पष्ट समय-सीमा घोषित करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें
समय सीमा में समाधान नहीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
मामले में सबसे बड़ा राजनीतिक और छात्र आंदोलन से जुड़ा संकेत यह है कि विधायक ने पत्र में स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो नर्सिंग छात्र संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
विधायक डोडियार का यह पत्र ऐसे समय आया है, जब नर्सिंग शिक्षा से जुड़े परीक्षा परिणाम, पंजीयन, छात्रवृत्ति और परीक्षा प्रक्रिया जैसे मुद्दे प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से सीधे जुड़े हुए हैं। एक ओर विद्यार्थी डिग्री और रोजगार की राह देख रहे हैं, तो दूसरी ओर लंबित प्रक्रियाएं उनके शैक्षणिक भविष्य पर सवाल खड़े कर रही हैं।
विधायक की 16 मांगें
- नर्सिंग विद्यार्थियों के लंबित परीक्षा परिणाम तत्काल घोषित हों : जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग एवं एमएससी नर्सिंग सहित सभी पाठ्यक्रमों के जिन विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम लंबित हैं, उनके परिणाम तत्काल जारी किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई, प्रशिक्षण एवं रोजगार प्रभावित न हो।
- लंबित छात्रवृत्ति तत्काल जारी हो : आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की रुकी हुई छात्रवृत्ति शीघ्र जारी की जाए, ताकि फीस, हॉस्टल, किताबें एवं अन्य शैक्षणिक खर्चों का भार विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों पर न पड़े।
- विद्यार्थियों का डेटा तत्काल संबंधित पोर्टल/विभाग में ट्रांसफर हो : जिन विद्यार्थियों का डेटा ट्रांसफर नहीं हुआ है, उनका डेटा तत्काल अपडेट एवं ट्रांसफर किया जाए, ताकि वे छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय सुविधाओं से वंचित न हों।
- सभी पात्र विद्यार्थियों का पंजीयन/रजिस्ट्रेशन तत्काल हों : जिन विद्यार्थियों का पंजीयन लंबित है, उनका रजिस्ट्रेशन शीघ्र पूर्ण कराया जाए, जिससे वे आगे की परीक्षा, प्रशिक्षण एवं रोजगार प्रक्रिया में भाग ले सकें।
- नर्सिंग काउंसिल/रजिस्ट्रार कार्यालय में लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण हो : परीक्षा परिणाम, पंजीयन, छात्रवृत्ति, डेटा सुधार एवं अन्य लंबित प्रकरणों के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित कर उनका समयबद्ध निराकरण किया जाए।
- नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार पद पर योग्य नर्सिंग विशेषज्ञ की नियुक्ति हो : नर्सिंग शिक्षा एवं पंजीयन से संबंधित तकनीकी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान के लिए नियमों के अनुसार योग्य एवं अनुभवी नर्सिंग विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाए।
- विद्यार्थियों से संबंधित आर्थिक अनियमितताओं एवं कथित दलाली की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच हो : परीक्षा, पंजीयन, डेटा सुधार, छात्रवृत्ति अथवा अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर विद्यार्थियों से अवैध राशि वसूले जाने की शिकायतों की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
- नर्सिंग पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं एवं डिग्री समय पर पूरी हो : जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग एवं अन्य पाठ्यक्रमों के शैक्षणिक सत्र में हो रही देरी को समाप्त कर समयबद्ध परीक्षा एवं परिणाम प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
- मान्यता प्राप्त संस्थानों के विद्यार्थियों की लंबित परीक्षाएं एवं परिणाम तत्काल जारी हों : जिन संस्थानों को संबंधित विभाग/नर्सिंग काउंसिल से मान्यता प्राप्त है, उनके विद्यार्थियों को परीक्षा एवं परिणाम के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा उनकी लंबित परीक्षाएं एवं परिणाम तत्काल जारी किए जाएं।
- पोस्ट बेसिक नर्सिंग के लंबित फाइनल ईयर की परीक्षाएं तत्काल आयोजित की जाएं।
- एमएससी नर्सिंग के लंबित फाइनल ईयर की परीक्षाएं शीघ्र आयोजित कराई जाएं।
- नर्सिंग एवं पैरामेडिकल शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ हो : नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेजों की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक संस्थागत सुधार किए जाएं तथा विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित विश्वविद्यालयीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- नर्सिंग कॉलेजों में फैकल्टी की समस्या का स्थायी समाधान हो : योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा शिक्षकों से संबंधित दस्तावेजों एवं मान्यता की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित न हो।
- पात्र विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति व्यवस्था को सरल एवं प्रभावी बने : ईडब्ल्यूएस सहित पात्र सामान्य एवं अन्य वर्गों के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई विद्यार्थी आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई छोड़ने को मजबूर न हो।
- एमपीएनआरसी से संबंधित परीक्षा एवं परिणाम प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण हो : जिन विद्यार्थियों की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की परीक्षाएं हो चुकी हैं अथवा जिनके परीक्षा फॉर्म भरे जा चुके हैं, उनकी परीक्षा एवं परिणाम प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब समाप्त किया जाए।
- आगामी परीक्षाओं की प्रक्रिया समयबद्ध हो : जिन परीक्षाओं की तिथि घोषित है, उन्हें विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति एवं सभी लंबित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था के साथ समयबद्ध तरीके से आयोजित किया जाए।
ये भी पढ़ें







