26/11 हमले में पाकिस्तान सरकार का हाथ नहीं था, यह आतंकवादी हमला था, यह हमारी सुरक्षा में चूक थी- सलमान खान

26/11 के आतंकी हमले को लेकर सलमान खान का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वे पाकिस्तानी चैनल को एक इंटरव्यू देते दिख रहे हैं। उन्होंने इसमें उक्त आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान को क्लीन चिट दी है जिससे लोग काफी आक्रोशित हैं।

Nov 27, 2024 - 03:37
 0
26/11 हमले में पाकिस्तान सरकार का हाथ नहीं था, यह आतंकवादी हमला था, यह हमारी सुरक्षा में चूक थी- सलमान खान
मुंबई में 26/11 को हुए आतंकी हमले को लेकर सलमान खान द्वारा 14 वर्ष पूर्व पाकिस्तानी चेनल को दिए गए इंटरव्यू का वीडियो वायरल हो रहा है। इसे लेकर लोगों में तीखी प्रतिक्रिया है।

एसीएन टाइम्स @ डेस्क । ‘सभी जानते हैं 26/11 हमले के पीछे पाकिस्तान की सरकार का हाथ नहीं था। यह एक आतंकवादी हमला था, सबसे बड़ी बात यह है कि हमारी सुरक्षा में चूक हुई थी। हमारे यहां पहले भी कई हमले हुए हैं और उन में पाकिस्तान का हाथ नहीं था। इस बार हमला हुआ तो हर कोई खड़ा हो गया क्योंकि इस बार हमला ताज और ओबेरॉय जैसे होटल पर हुआ था। हमारे यहां पहले भी बम विस्फोट हुए हैं। बसों में और ट्रेनों में हमले हुए हैं, लेकिन तब उस पर इतना हाइप नहीं बना।’

150

ये शब्द हैं बॉलीवुड के अभिनेता सलमान खान के जो पाकिस्तान के एक टीवी चैनल में दिए गए साक्षात्कार का हिस्सा हैं। आतंकी हमलों के मामले में पाकिस्तान को क्लीन चीट देने वाला यह इंटरव्यू मुंबई में हुए 26/11 के आतंकी हमले की 16वीं बरसी के मौके पर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। जो भी सलमान की यह बात सुन रहा है, वह आक्रोश जाहिर कर रहा है। लोग सलमान को काफी बुरा-भला भी कह रहे हैं। लोगों तो यहां तक कहा है कि हम यहां इसकी फिल्में देखकर इसे प्रोत्साहित और मालामाल कर रहे हैं और यह पाकिस्तान को क्लीन चीट दे रहा है।

500
200

2010 का है वीडियो

बता दें कि, सलमान खान का कोई ताजा बयान नहीं है। यह 2010 का एक साक्षात्कार है। तब भी लोगों ने इसे लेकर काफी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। लोगों के आक्रोश को लेकर तब सलमान खान ने देशवासियों से माफी भी मांगी थी। उन्होंने अपनी माफी वाली पोस्ट अपने ट्विटर (अब एक्स) एकाउंट पर साझा की थी। उस समय सलमान ने उनके बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की बात कही थी।

आतंकी हमले ने पूरे देश को दहला दिया था

गौरतलब है कि अभी लॉरेंस विश्नोई गैंग के निशाने पर होने से सलमान खान अभी काफी सुर्खियों में हैं। फिर मंगलवार को 26/11 की 16वीं बरसी भी थी। इससे उनका 14 साल पुराना वीडियो वायरल होते ही लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया देना शुरू कर दी। यहां बताना जरूरी है मुंबई में हुए उक्त आतंकी हमले ने सिर्फ मुंबई को ही नहीं बल्कि, पूरे देश को दहला दिया था।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।