सुविधा का विस्तार : वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) रेलवे स्टेशन पर तीसरे फुट ओवर ब्रिज के लिए 6 घंटे ब्लॉक लेकर 140 टन की क्रेन से चढ़ाई गर्डर, देखें वीडियो...

यात्रियों की सुविधा में बढ़ोत्तरी के लिए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म को जोड़ने के लिए तीसरा फुट ओवर ब्रिज बनाया जा रहा है। इसके लिए शनिवार को 6 घंटे ब्लॉक लेकर गर्डर चढ़ाई गईं।

Jan 14, 2024 - 09:31
Jan 14, 2024 - 10:47
 0

मंडल रेल प्रबंधक और मुख्य अभियंता (ब्रिज) के मार्गदर्शन में हुआ काम, इसी साल मार्च अंत तक पूरा करना है काम

एसीएन टाइम्स @ झांसी । वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा एवं मुख्य अभियन्ता (ब्रिज) एस. सी. सागर के मार्गदर्शन में गर्डर चढ़ाने का काम किया गया। इसके लिए 140 टन की क्रेन का उपयोग किया गया। इसके लिए सुबह 8.15 से दोपहर 2.15 बजे तक का ब्लॉक लिया गया। इस दौरान ट्रेनों का संचालन दूसरे प्लेटफॉर्म से किया गया।

उल्लेखनीय है इस बहुप्रतीक्षित कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक सिन्हा ने गत 09 जनवरी को सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर 12 और 13 जनवरी को ब्लॉक लेकर कार्य पूरा करने का निर्णय लिया था। इसके चलते पहले दिन 12 जनवरी को 36 मीटर लंबी 4 गर्डर प्लेटफार्म नंबर 1 और 2 को जोड़ने हेतु चढ़ाई गईं। दूसरे दिन 13 जनवरी को प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 को जोड़ने वाली लाइन पर 24 मीटर लंबी 4 गर्डर रखी गईं। शेष कार्य मार्च के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है।

60 मीटर लंबा और 6 मीटर चौड़ा है ब्रिज

फुट ओवर ब्रिज प्लेटफॉर्म नंबर 1 को 5 से जोड़ेगा। इस की कुल लंबाई 60 मीटर तथा चौड़ाई 6 मीटर है। इससे यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए अतिरिक्त ब्रिज उपलब्ध होगा। वर्तमान में दो ब्रिज हैं।

गर्डन चढ़ाने के दौरान ये रहे मौजूद

गर्डर चढ़ाने के लिए रेलवे द्वारा करीब 6 घंटे का ब्लॉक लिया गया था। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा, मुख्यालय से आए मुख्य ब्रिज इंजीनियर एस. सी. सागर, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) आर. डी. मौर्य, उप मुख्य इंजीनियर (ब्रिज) राजेश्वर कुशवाह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल सहित अन्य विभागीय अधिकारी, पर्यवेक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Manish Kumar Shukla दो दशक से भी ज्यादा समय से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय। अमर उजाला, बीपीएन टाइम्स, दैनिक आज, कृषक वंदना आदि समाचार-पत्र एवं पत्रिकाओं में सेवाएं देते हुए लोक कल्याणकारी पत्रकारिता करते हुए समाज, शासन व प्रशासन के मध्य सेतु के रूप में कार्य करने का लंबा अनुभव। बतौर अभिभाषक/अधिवक्ता न्यायिक मामलों में जनता की सेवा और उनके हित रक्षण के लिए जनसमस्याओं के निस्तारण और समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत। विद्यालय संचालन और अध्यापन का पूर्व अनुभव।