अच्छी खबर ! रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन में 4 और यूनिट को 150 हेक्टेयर भूमि आवंटित, 11 हजार 950 करोड़ का होगा निवेश, 6500 लोगों को रोजगार मिलेगा

रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन में चार और औद्योगिक यूनिट को करीब 150 हेक्टेयर भूमि आवंटित हुई है। इससे युवाओं को रोजगार तो मिलेगा ही शहर के विकास को नई रफ्तार भी मिलेगी।

Feb 15, 2026 - 20:45
 0
अच्छी खबर ! रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन में 4 और यूनिट को 150 हेक्टेयर भूमि आवंटित, 11 हजार 950 करोड़ का होगा निवेश, 6500 लोगों को रोजगार मिलेगा
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप एमपीआईडीसी के कार्यपालक संचालक राजेश राठौर से रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन के बारे में जानकारी लेते हुए।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । युवाओं को रोजगार और शहर के विकास को नई रफ्तार देने वाले रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन में चार और यूनिटों को लगभग 150 हेक्टेयर भूमि आवंटित हो गई है। इन यूनिटों की स्थापना का कार्य जल्द ही शुरू होगा। इन्वेस्टमेंट जोन में सोलर की एक यूनिट का कार्य पहले से चल रहा है। शनिवार को सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन में हो रहे कार्यों की समीक्षा की।

समीक्षा बैठक के दौरान एमपीआईडीसी के कार्यपालक संचालक राजेश राठौर ने इन्वेस्टमेंट जोन में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यपालक संचालक राठौर ने बताया कि रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन में लगातार निवेशकों के प्रस्ताव आ रहे हैं। एमपीआईडीसी ने हाल ही में यहां जिन चार नई यूनिटों को भूमि आवंटित की है, उनमें फार्मा ग्रेड फिल्म बनाने वाली एसआरएफ लिमिटेड को 80 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। यहां 9000 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेगी और इससे 2000 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।

राठौर ने बताया कि, गारमेन्ट बनाने वाली आरएसडब्लूएम लिमिटेड भीलवाड़ा को 27 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है, जो 650 करोड़ का निवेश करेगी एवं इससे 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसी प्रकार एक्जाट्रोन सोलर प्रा.लि. को 24 हेक्टेयर से अधिक भूमि का आवंटन किया है, सोलर पैनल बनाने वाली यह कंपनी 1300 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे 1500 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। प्लास्टिक रेजिन की एलएनजे ग्रीनपत लि. को 18 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है, जो 350 करोड़ का निवेश कर 500 लोगों को रोजगार देगी।

राठौर ने बताया कि निवेश क्षेत्र में पहले फूजियामा सोलर प्रा. लि. को करीब 25 हेक्टेयर भूमि आंवटित की गई थी, जो 650 करोड़ का निवेश कर 1000 लोगों को रोजगार देगी। सोलर पैनल की इस यूनिट का कार्य प्रगति पर है। अब तक निवेश क्षेत्र में कुल 11950 करोड़ के निवेश और इससे 6500 लोगों को रोजगार मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

मंत्री काश्यप ने ली सुविधाओं के विकास की जानकारी

मंत्री काश्यप ने बैठक के दौरान इन्वेस्टमेंट जोन में मूलभूत सुविधाओं के विकास की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य हो चुका है और बिजली व्यवस्था सहित अन्य कार्य निरंतर चल रहे हैं। काश्यप ने इन्वेस्टमेंट जोन के निर्माण एवं विकास कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए ताकि अन्य निवेशकों को आकर्षित किया जा सके। बैठक के दौरान एमपीआईडीसी के सहायक यंत्री धर्मेन्द्र डोडवे व तहसीलदार जयेश आदि उपस्थित रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।