अभा ग्राहक पंचायत की SP से गुहार : रतलाम में न हो भोपाल की तरह शारीरिक और आर्थिक शोषण, डांस क्लास के संचालकों और कोरियोग्राफर का हो पुलिस वेरिफिकेशन

भोपाल की तरह रतलाम में संचालित डांस क्लासेस और कोरियोग्राफर का पुलिस वेरिफिकेशन करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की नगर इकाई ने एसपी को पत्र सौंपा है।

May 8, 2025 - 14:21
May 8, 2025 - 16:01
 0
अभा ग्राहक पंचायत की SP से गुहार : रतलाम में न हो भोपाल की तरह शारीरिक और आर्थिक शोषण, डांस क्लास के संचालकों और कोरियोग्राफर का हो पुलिस वेरिफिकेशन
एसपी को पत्र सौंपते अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के नगर अध्यक्ष राजेश व्यास। समीप हैं प्रो. नीलेश शुक्ला, अनुराग लोखंडे एवं वैभव बैरागी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की रतलाम नगर इकाई ने एसपी अमित कुमार से सौजन्य भेंट की। इस दौरान संगठन ने उन्हें एक पत्र सौंपकर आमजन की सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा की। ग्राहक पंचायत ने भोपाल में हुए शारीरिक और आर्थिक शोषण पर चिंता जताते हुए रतलाम में ऐसा नहीं हो, इसके लिए उचित कदम उठाने की आवश्यकता जताई।

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के रतलाम नगर अध्यक्ष राजेश व्यास ने एसपी से चर्चा के दौरान कहा कि मध्यप्रदेश के भोपाल और इंदौर शहर में संभ्रात समाज की छात्राओं व महिलाओं का आर्थिक और शारीरिक शोषण किया। यहां नवयुवकों ने सुनियोजित षड्यंत्र के अंतर्गत डांस क्लासेस का संचालन कर और कोरियोग्राफ़र बनकर डांस सिखाने के नाम पर छद्म नाम रखे और शारीरिक शोषण किया। व्यास ने बताया कि रतलाम शहर में भी पूर्व में डांस क्लास के संचालक द्वारा ऐसी ही घटना घटित की गई थी। वर्तमान में भी शहर के मुख्य बाजारों, कॉलोनियों और गली-मोहल्लों में ऐसी कई डांस क्लासेस संचालित हो रही हैं।

सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य करने की मांग भी की

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत रतलाम इकाई के प्रचार प्रसार प्रमुख नीरज बरमेचा ने बताय कि ग्राहक पंचायत ने एसपी से निवेदन किया कि ऐसी सभी डांस क्लास में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य किए जाएं एवं समस्त संचालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से करवाएं ताकि शहर में महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार का अपराध नहीं हो सके। मुलाकात के दौरान ग्राहक पंचायत के मालवा प्रांत के सह सचिव अनुराग लोखंडे, नगर पर्यावरण प्रमुख प्रो. नीलेश शुक्ला, नगर विधि प्रमुख वैभव बैरागी उपस्थित रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।