लोकसभा निर्वाचन : रतलाम-झाबुआ सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार, अनीता चौहान 207232 मत से विजयी, रतलाम जिले से 94493 मत की बढ़त, धन्यवाद रैली आज

रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र पर भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। यहां प्रदेश के वन मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान चौहान ने कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 2 लाख से अधिक मतों से पराजित किया। 94 हजार से अधिक मतों की लीड तो रतलाम जिले से ही रही।

लोकसभा निर्वाचन : रतलाम-झाबुआ सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार, अनीता चौहान 207232 मत से विजयी, रतलाम जिले से 94493 मत की बढ़त, धन्यवाद रैली आज
रतलाम झाबुआ संसदीय क्षेत्र से भाजपा की अनीता नागर सिंह चौहान ने कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को हराया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । लोकसभा चुनाव में रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अनीता नागर सिंह चौहान विजयी रहीं। उन्होंने निटकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 2 लाख 7 हजार 232 मतों से पराजित किया। यहां भारत आदिवासी पार्टी (BAP) तीसरे नंबर पर ही। अनीता चौहान 5 जून को रतलाम शहर में रैली के रूप में मतदाताओं के प्रति आभार ज्ञापित करेंगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप एवं वन मंत्री नागर सिंह चौहान शामिल होंगे।

रतलाम-झाबुआ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा ने अपनी जीत बरकरार रखीं। यहां से भाजपा की अनीता नागर सिंह चौहान ने कुल प्रक्षेपित मतों में से 7 लाख 95 हजार 863 (51.93 प्रतिशत) मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया रहे। उन्हें 5 लाख 88 हजार 631 (38.41 प्रतिशत) मत प्राप्त किए। यहां तीसरे नंबर पर हे भारत आदिवासी पार्टी के इंजीनियर बालूसिंह गामड़ को 52 हजार 759 (3.44 प्रतिशत) मत मिले। बहुजन समाज पार्टी के राचंद्र सोलंकी को 15 हजार 172 मत, निर्दलीय सूरज भाभर को 10 हजार 60 मत, रंगला कलेश को 7331, कस्ना राना पारगी को 7311, सुमित्रा मेड़ा को 6927, रामेश्वर सिंगार को 4603, भारतीय सामाजिक पार्टी के मोहनसिंह निगवाल को  4503, अखंड भारत साम्राज्य पार्टी को 3929 एवं रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के उदे सिंह मचार को 3795 मत प्राप्त हुए।

डाक मतपत्र में भाजपा आगे, 2.07 फीसदी वोट नोटा को मिले

रतलाम-झाबुआ सीट पर कुल 4467 डाक मतपत्र भी डाले गए। इसमें भी भाजपा ही आगे रही। भाजपा की चौहान को 2431, कांग्रेस के भूरिया को 1727, बाप के गामड़ को 234 तथा बसपा के सोलंकी को 13 मत प्राप्त मिले। इनके अलावा निर्दलीय सिंगार व रंगला कलेश तथा भासापा के निगवाल को 4-4, निर्दलीय मेड़ा को 3 जबकि अभासापा की बरेला व रिपाओई (ए) के मचार को 1-1 मत प्राप्त हुआ। वहीं कुल मतों के 2.07 फीसदी यानी 31 हजार 735 मत नोटा के हिस्से आए। इनमें 38 डाक मतपत्र शामिल हैं।

रतलाम जिले की दो विस में भाजपा व एक में कांग्रेस को बढ़त

रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र में शामिल रतलाम जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में से दो (रतलाम शहर और रतलाम ग्रामीण विधानसभा) में अनीता चौहान जबकि एक (सैलाना) में कांतिलाल भूरिया को बढ़ मिली। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में डाले गए कुल मतों में से भाजपा को 2 लाख 71 हजार 595 मत जबकि कांग्रेस को 1 लाख 77 हजार 102 मत मिले। यानी भाजपा को यहां 94 हजार 493 मत कांग्रेस की तुलना में ज्यादा मिले। विधानसभावार बात करें तो रतलाम शहर से भाजपा को 1 लाख 6 हजार 521 मत मिले जो कि कांग्रेस के 46 हजार 842 मतों की तुलना में 59 हजार 679 मत ज्यादा हैं। रतलाम ग्रामीण से भाजपा के हिस्से 1 लाख 05 हजार 469 मत जबकि कांग्रेस को सिर्फ 58 हजार 890 मत प्राप्त हुए। यानी यहां भाजपा कांग्रेस से 46 हजार 579 मतों से आगे रही। वहीं सैलाना विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया को 71 हजार 370 जबकि भाजपा की अनीता चौहान को 59 हजार 605 मत मिले। यहां कांग्रेस को भाजपा से 11 हजार 765 मत ज्यादा मिले।

रतलाम में धन्यवाद रैली का ये रहेगा रूट

भाजपा के रतलाम जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान को झाबुआ में निर्वाचन अधिकारी द्वारा कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है। रतलाम में उनकी धन्यवाद रैली 5 जून को शाम 4.30 बजे नाहरपुरा क्षेत्र से निकलेगी। यह डालूमोदी बाजार, माणकचौक, घांस बाजार, चौमुखीपुल, चांदनीचौक, तोपखाना, बजाज खाना, गणेश देवरी होते हुए धानमण्डी में संपन्न होगी।