MP में भाजपा ने चौंकाया: डॉ. मोहन यादव नए मुख्यमंत्री, जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल उप मुख्यमंत्री तो नरेंद्रसिंह तोमर विधानसभा अध्यक्ष बनेंगे

मप्र के नए मुख्यमंत्री को लेकर जारी संशय और इंतजार सोमवार को खत्म हो गया। डॉ. मोहन यादव के नाम घोषित होते ही सारे कयासों और अटकलों पर विराम लग गया।

MP में भाजपा ने चौंकाया: डॉ. मोहन यादव नए मुख्यमंत्री, जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ल उप मुख्यमंत्री तो नरेंद्रसिंह तोमर विधानसभा अध्यक्ष बनेंगे
विधायक दल के बैठक के दौरान मध्य प्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुने जाने पर डॉ. मोहन यादव को फूलमाला पहनकर बधाई देते शिवराज सिंह चौहान वीडी शर्मा सहित अन्य।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री चयन को लेकर भाजपा ने आखिर सबको चौंका ही दिया। नवनिर्वाचित विधायक दल की बैठक में प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में उज्जैन विधायक डॉ. मोहन यादव के नाम का ऐलान कर दिया गया है। दो उप मुख्यमंत्री भी बनाए जा रहे हैं। पूर्व मंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल उप मुख्यमंत्री होंगे। जबकि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर विधानसभा अध्यक्ष होंगे।

मप्र भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार को भोपाल में संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी नव निर्वाचित विधायक उपस्थिति रहे। इस दौरान सर्वानुमति से उज्जैन दक्षिण से निर्वाचित हुए उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम का नए मुख्यमंत्री के लिए घोषित किया गया। सभी के लिए यह घोषणा बेहद चौंकाने वाली रही। डॉ. यादव तीसरी बार के विधायक हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से राजनीति में आए डॉ. यादव मौजूदा शिवराज सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री हैं।

ऐसे आगे बढ़ा राजनीतिक सफर

मोहन यादव ने माधव विज्ञान महाविद्यालय उज्जैन से उच्च शिक्षा की पढ़ाई की। विद्यार्थी जीवन में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उज्जैन के नगर मंत्री रहे। उन्होंने ने 1982 में छात्र संघ का चुनाव लड़ा और सह-सचिव चुने गए। इस तरह छात्र राजनीति से शुरू हुआ राजनीतिक सफर आगे बढ़ा और वे भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बने ।वे सिंहस्थ की मध्य प्रदेश की केंद्रीय समिति के सदस्य भी रहे हैं। मध्य प्रदेश विकास प्राधिकरण के प्रमुख, पश्चिम रेलवे बोर्ड में सलाहकार समिति सदस्य भी रहे। 2013 में उज्जैन दक्षिण से पहली बार विधायक चुने गए। इसके बाद 2018 और 2023 में भी उज्जैन दक्षिण से विधायक चुने गए। मोहन यादव ने 2 जुलाई, 2020 को मध्य प्रदेश में भाजपा की शिवराज सिंह चौहान सरकार में कैबिनेट मंत्री (उच्च शिक्षा) के रूप में शपथ ली।

उज्जैन संभाग को बड़ा प्रतिनिधित्व 

नई सरकार में उज्जैन संभाग को बड़ा प्रतिनिधित्व मिला है। डॉ. मोहन यादव के अलावा उप मुख्यमंत्री बनाए जा रहे जगदीश देवड़ा भी उज्जैन संभाग से ही है। देवड़ा शिवराज सरकार में वित्त मंत्री रहे हैं। इनके अलावा राजेंद्र शुक्ल भी उप मुख्यमंत्री होंगे। शुक्ल जनसंपर्क मंत्री रह चुके हैं।

विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी तोमर को

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके नरेन्द्र सिंह तोमर अगले विधानसभा अध्यक्ष होंगे। पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देकर साफ कर दिया है कि योग्यता को सम्मान देने के मामले में भाजपा कभी पीछे नहीं रहती। तोमर का वीडियो वायरल होने के बाद भी पार्टी ने उनके त्याग और तक ज्यादा महत्व दिया। हालांकि पहले कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है लेकिन भाजपा ने सारे कयासों को झुठला दिया।