प्रदेश स्तरीय आंदोलन ! 23 जून को बंद रहेगी कृषि उपज मंडी, मंडी शुल्क वृद्धि के विरोध में व्यापारियों का प्रदेशव्यापी आंदोलन

मध्यप्रदेश में मंडी शुल्क 1% से बढ़ाकर 1.5% किए जाने के विरोध में 23 जून को रतलाम कृषि उपज मंडी बंद रहेगी। व्यापारियों ने किसानों से मंडी नहीं आने की अपील की है।

प्रदेश स्तरीय आंदोलन ! 23 जून को बंद रहेगी कृषि उपज मंडी, मंडी शुल्क वृद्धि के विरोध में व्यापारियों का प्रदेशव्यापी आंदोलन
23 जून 2026 को कृषि उपज मंडी बंद रहेगी।

नहीं होगी उपज की नीलामी और खरीदी, किसानों से मंडी नहीं आने की अपील

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क में की गई वृद्धि के विरोध में रतलाम कृषि उपज मंडी 23 जून (सोमवार), 2026 को पूरी तरह बंद रहेगी। प्रदेश स्तर पर अनाज, दलहन एवं तिलहन व्यापारी महासंघ द्वारा दिए गए बंद के आह्वान का रतलाम के विभिन्न व्यापारी संगठनों ने समर्थन किया। उन्होंने मंडी में सभी प्रकार की खरीदी-बिक्री एवं नीलामी कार्य बंद रखने का निर्णय लिया है।

व्यापारियों के अनुसार राज्य सरकार ने हाल ही में मंडी शुल्क को 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत कर दिया है। उनका कहना है कि शुल्क में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि से व्यापारियों के साथ-साथ किसानों पर भी अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। इसी के विरोध में प्रदेशभर की मंडियों में एक दिवसीय बंद का आयोजन किया जा रहा है।

रतलाम में दि ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन, मंडी व्यापारी संघ, मंडी युवा व्यापारी संघ, संघर्षशील लहसुन-प्याज मंडी युवा व्यापारी संघ तथा श्री रत्नपुरी लहसुन-प्याज मंडी व्यापारी संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से बंद को सफल बनाने की अपील की है।

ये भी पढ़ें

मंडी नहीं आएं किसान

व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने बताया कि 23 जून को मंडी में किसी भी कृषि उपज की नीलामी नहीं होगी। साथ ही किसानों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपनी उपज लेकर मंडी न पहुंचें, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रमुख व्यापारी संगठनों ने किया समर्थन

  • संघर्षशील लहसुन-प्याज मंडी युवा व्यापारी संघ : अध्यक्ष नीलेश बाफना, सचिव प्रकाश जाधव।
  • दि ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन : सचिव हितेश मेहता।
  • मंडी व्यापारी संघ : अध्यक्ष राकेश लाठी, सचिव हितेश बाफना।
  • मंडी युवा व्यापारी संघ : अध्यक्ष दिलीप मेहता, सचिव धर्मेंद्र माहेश्वरी।
  • श्री रत्नपुरी लहसुन-प्याज मंडी व्यापारी संघ : अध्यक्ष रितेश बाफना, सचिव पंकज अग्रवाल।
  • पूर्व व्यापारी प्रतिनिधि : मनोज जैन एवं अन्य पदाधिकारी।

ये भी पढ़ें