ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में रतलाम के उद्योगपति व व्यवसायी भी दिखा सकेंगे अपने उत्पाद, 30 देश के 70 से अधिक खरीदारों से होगी मुलाकात

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्टर आर्गेनाइजेशन (फीयो) के माध्यम से रतलाम के 19 उद्योगपति और व्यवसायियों को इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में कारोबार की दिशा तय करने का अवसर मिलेगा।

Jan 7, 2023 - 02:13
Jan 11, 2023 - 16:39
 0
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में रतलाम के उद्योगपति व व्यवसायी भी दिखा सकेंगे अपने उत्पाद, 30 देश के 70 से अधिक खरीदारों से होगी मुलाकात
सेमिनार में उद्योगपतियों और व्यवसायियों को जानकारी देते पोरवाल।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में रतलाम शहर के 19 उद्योगपति व व्यवसायियों को 30 देशों के 70 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से मुलाकात करने के मौका मिलेगा। इस दौरान वे उद्योगपति और व्यवसायी अपने उत्पाद दिखा सकेंगे एवं व्यापार कर सकेंगेl

यह जानकारी उद्योगपति वरुण पोरवाल ने मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के माध्यम से आयोजित एक सेमिनार में दी। उन्होंने बताया फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्टर आर्गेनाइजेशन (फीयो) के माध्यम से ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के अंतर्गत होने वाली अंतर्राष्ट्रीय बायर सेलर मीट में रतलाम के उद्यमी व व्यवसायियों को अपने उत्पाद के बारे में बताने का मौका मिलेगा।

फीयो के माध्यम से उद्योगपति और व्यवसायी अपनी टेबल रिजर्व कर अंतराष्ट्रीय खरीददारों से अपने उत्पाद के संबंध में कम से कम पांच मीटिंग कर सकेंगे। प्रत्येक मीटिंग का समय 15 मिनट रहेगा। पोरवाल ने बताया कि वे 2 महीने से रतलाम के व्यवसायियों के व्यापार विस्तार के लिए फीयो संस्था के साथ अंतर्राष्ट्रीय खरीददारों से व्यक्तिगत मीटिंग आयोजित करने हेतु प्रयासरत थे।

इन देशों के बायर और सेलर से होगी मुलाकात

पोरवाल के अनुसार मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स ने इस संबंध में सेमिनार का आयोजन कर रतलाम के 19 व्यवसायियों व उद्योगपतियों को उक्त जानकारी दी गई। सेमिनार में फीयो मुंबई से आई रिशु मिश्रा एवं शुभम दुबे ने बताया कि 30 देशों के 70 से अधिक खरीदार ‘बायर सेलर मीट’ में उपलब्ध रहेंगे। इनमें प्रमुख तौर पर अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका, गल्फ, वियतनाम, मलेशिया, कंबोडिया, जोहन्सबर्ग आदि देशों के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खरीदार रतलाम के उत्पादों का चयन करेंगे।

ये उद्यमी शामिल होंगे मीट में

रतलाम से जो उद्यमी बायर सेलर मीट में इंदौर जाएंगे उनमें जितेंद्र पाटीदार, गौरव जैन, सरिता वर्मा, पूनमचंद चावडा, हेतराम बिश्नोई, सैफी अली, धर्मेंद्र मारू, आशीष पालीवाल, सौरव मेहता, नूतन लालन, अर्जुन कुमार आदि प्रमुख हैंl

सेमिनार में ये रहे उपस्थित

सेमिनार में मालवा चैंबर के अध्यक्ष ललित पटवा, राजेश पगारिया, नमकीन क्लस्टर एसोसिएशन के आशीष पालीवाल, धर्मेंद्र मारू, दी क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैयालाल गांधी, आनन्दीलाल राठौड़, कमल कटारिया, वैभव कटारिया, प्रवीण कोठारी, रतलाम अखंड व्यापारी संघ के अंकित खंडेलवाल, संजय चाणोदिया, राजेश कांकरिया एवं अन्य व्यापारी संस्थाओं के सदस्य उपस्तिथ रहे l

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।