MP के स्कूलों का समय बदला : सभी स्कूल 10 बजे से पहले नहीं होंगे संचालित, 20 जनवरी तक लागू रहेगी यह व्यवस्था

शीतलहर और प्रतिकूल मौसम के चलते राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के स्कूलों का समय बदलने का आदेश जारी किया है।

MP के स्कूलों का समय बदला : सभी स्कूल 10 बजे से पहले नहीं होंगे संचालित, 20 जनवरी तक लागू रहेगी यह व्यवस्था
मप्र में स्कूलों के समय में हुआ बदलाव।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । मध्य प्रदेशन शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शीतलहर और प्रतिकूल मौसम को ध्यान में रखते हुए स्कूल के समय में बदलाव किया है। प्रदेश के सभी स्कूल अब 10 बजे से शुरू होंगे। यह व्यवस्था 20 जनवरी तक लागू रहेगी।

स्कूल शिक्षा विभाग का यह आदेश उप सचिव प्रमोद सिंह के हस्ताक्षर से जारी हुआ है। इसके अनुसार प्रदेश में शीतलहर एवं प्रतिकूल मौसम के दृष्टिगत शाला समय परिवर्तन के संबंध में 27 दिसंबर 2023 को जारी आदेश के अनुक्रम में नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अनुसार ऐसे सभी शासकीय और अशासकीय स्कूल जो सुबह जल्दी संचालित होते हैं, वे अब सुबह 10 बजे से ही शुरू होंगे। इसी तरह दो पालियों में संचालित शासकीय और अशासकीय स्कूल भी सुबह 10 बजे से ही संचालित होंगे।

आदेश में बताया गया है कि ऐसे शासकीय विद्यालय जो वर्तमान में सुबह 10.30 बजे से संचालित हो रहे हैं, वे आगामी दिनों में भी इसी समय पर संचालित होते रहेंगे। वहीं कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाओं की परीक्षा का संचालन पूर्व में निर्धारित समय के अनुसार ही किया जाएगा। विभाग का उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। आदेश 20 जनवरी 2024 तक प्रभावशील रहेगा।