मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज 27 जुलाई को, 20 जून से 8 जुलाई तक कर सकते हैं पंजीयन, उसके बाद बंद हो जाएगा पोर्टल

मध्य प्रदेश के पर्यटन, इतिहास, धरोहर, संस्कृति, रंग कला एवं महापुरुषों पर आधारित क्विज का आयोजन 27 जुलाई को होगा। इसमें कक्षा नौ से बारहवीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।

मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज 27 जुलाई को, 20 जून से 8 जुलाई तक कर सकते हैं पंजीयन, उसके बाद बंद हो जाएगा पोर्टल
मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज 27 जुलाई को।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पर्यटन विभाग मध्य प्रदेश जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 27 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य देश के समृद्धशाली इतिहास, परंपरा, ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक रंगकला, प्राकृतिक, समृद्धि, महापुरुष पर्यटन महत्त्व की संभावनाओं आदि से परिचित कराना है। पर्यटन के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को विकसित करना है। रतलाम में प्रतियोगिता का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय सागोद रोड पर होगा।

शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी अरुण कुमार पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण के लिए निर्धारित समय प्रातः 9.00 से 10.00 बजे तक पंजीयन कार्य किया जाएगा। प्रातः 10.00 से दोपहर 12.00 बजे तक लिखित प्रतियोगिता होगी। इसमें 6 सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन द्वितीय चरण के लिए किया जाएगा। दोपहर 12.00 से 2.30 तक भोजन तथा मूल्यांकन किया जाएगा। दूसरे चरण में दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक क्विज प्रतियोगिता मल्टीमीडिया का आयोजन किया जाएगा। इसमें शामिल सभी 6 टीमों में से 3 टीमों का चयन किया जाएगा। ये जिले की टॉप 3 विजयी टीम कहलाएंगी। प्रथम तीन विजेता टीमों को मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटल्स में 2 रात 3 दिन तथा शेष तीनों विजेता टीमों को एक रात 2 दिन ठहरने के लिए कूपन प्रदान किए जाएंगे। बाकि सभी प्रतियोगियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार दिए जाएंगे।

एक विधायलय से तीन विद्यार्थियों की टीम होगी शामिल

प्रतियोगिता के प्रथम चरण में लिखित क्विज के प्रश्न-पत्र में पर्यटन से संबंधित परिक्षेत्र, कला संवर्धन, आध्यात्म प्राकृतिक, सांस्कृतिक परिवेश से संबंधित प्रश्न होंगे। दूसरे चरण में क्विज प्रतियोगिता मल्टीमीडिया आधारित होगी, जिसमें भी वीडियो के माध्यम से मध्य प्रदेश पर्यटन से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। एक विद्यालय से 3 प्रतियोगियों की एक ही टीम प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेगी और उस टीम के तीनों प्रतियोगी प्रश्न-पत्र को एक साथ मिलकर हल कर सकेंगे।

कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग

इस आयोजन में पंजीकृत टीमों में शासकीय तथा अशासकीय विद्यालयों के कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए विद्यालय के प्राचार्य प्रबंधन द्वारा वस्तुनिष्ठ प्रश्न माला तथा क्विज माध्यम से 3 श्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। तत्पश्चात टीम का पंजीयन 20 जून से 8 जुलाई के मध्य एमपी टूरिज्म डॉट कॉम टूरिज्म क्विज पर ऑनलाइन किया जाएगा। 8 जुलाई की शाम 5.30 बजे के बाद पोर्टल बंद हो जाएगा।

कलेक्टर ने किया निर्देशित

रतलाम में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में आवश्यक तैयारियों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जमुना भिड़े, कोषालय अधिकारी रमेश मौर्य, जिला शहरी विकास अभिकरण के अरुण पाठक, उत्कृष्ट स्कूल के प्राचार्य सुभाष कुमावत, जिला शिक्षा अधिकारी क्विज मास्टर ललित मेहता को आयोजन को सफल बनाने के लिए निर्देशित किया गया है।