दुनिया में सर्वाधिक 10868 रन बनाने वाली मिताली का 23 साल का राज खत्म, सर्वाधिक 5 विश्वकप में भारत के लिए किया प्रदर्शन  

क्रिकेट में दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली और सबसे ज्यादा विश्व कप में प्रदर्शन करने वाली महिला क्रिकेट खिलाड़ी मिताली राज ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से सन्यास ले लिया। उन्होंने इसकी घोषणा ट्वीट के माध्यम से की। उन्होंने अपनी नई यात्रा शुरू करने का जिक्र भी किया है लेकिन अभी इसका खुलासा नहीं किया है।

दुनिया में सर्वाधिक 10868 रन बनाने वाली मिताली का 23 साल का राज खत्म, सर्वाधिक 5 विश्वकप में भारत के लिए किया प्रदर्शन   
महिला क्रिकेटर मिताली राज।

भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी मिताली राज ने क्रिकेट से सन्यास लेने का किया ऐलान 

एसीएन टाइम्स @ डेस्क । महिला क्रिकेट में दुनिया में सबसे ज्यादा 10868 रन बनाने वाली मिताली राज ने क्रिकेट से सन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 26 जून 1999 में भारतीय टीम में  डेब्यू करने वाली मिताली का महिला क्रिकेट में 23 साल का राज खत्म हो गया। उन्होंने टी-20 के साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से भी संन्यास ले लिया है। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट के माध्यम से साझा की। उन्होंने लोगों के मिले प्यार और समर्थन के लिए सभी को धन्यवाद दिया है। टी-20 की श्रीलंका के खिलाफ इसी माह होने वाली सीरीज की कप्तानी अब हरमनप्रीत कौर करेंगी।

मिताली राज ने ट्वीट कर क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से सन्यास लेने की घोषणा की। उन्होंने ट्वीट के साथ एक पत्र भी संलग्न किया। उन्होंने अब अपनी सेकंड इनिंग्स पर ध्यान देने की बात कह हैं। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी सेकंड इनिंग्स होगी क्या। उन्होंने चिट्ठी में लिखा है, कि, 'भारतीय नीली जर्सी पहनने के लिए मैंने एक छोटी बच्ची की तरह शुरुआत की थी क्योंकि अपने देश का प्रतिनिधित्व करना सबसे बड़ा सम्मान है। इस यात्रा में मैंने अच्छा और बुरा सब देखा है। हर एक घटना ने मुझे कुछ नया सिखाया है। यह 23 साल मेरे लिए सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण, सुखद और परिपूर्ण रहे हैं। सभी यात्राओं की तरह इसे भी खत्म होना था। मैं आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट्स से संन्यास ले रही हूं।'

भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुनहरा, टीम योग्य और हुनरमंद युवा खिलाड़ियों के हाथ में

मिताली ने आगे लिखा, कि- 'मैंने जब भी मैदान पर कदम रखा, हमेशा अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश की। मेरा इरादा हमेशा भारत को जिताने का रहा। मैं तिरंगे का प्रतिनिधित्व करने के लिए मिले हर मौके को अपने साथ संजोकर रखूंगी। मैं महसूस करती हूं कि मेरे करियर को समाप्त करने का यह सही समय है। भारतीय टीम योग्य और हुनरमंद युवा खिलाड़ियों के हाथों में है। भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुनहरा है। मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर बीसीसीआई और जय शाह सर से मिले समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहूंगी।

एक यात्रा खत्म, दूसरी शुरू करने का ऐलान भी

मिताली ने बताया कि- इतने सालों तक भारतीय टीम की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है। इसने मुझे एक बेहतर इंसान के रूप में ढाला है। मैं उम्मीद करती हूं कि इस दौरान भारतीय महिला क्रिकेट को भी एक बेहतर रूप मिला होगा। यह यात्रा यहां खत्म होती है लेकिन एक नई यात्रा शुरू होगी। मैं इस खेल में बने रहना चाहती हूं। मैं इस खेल से प्यार करती हूं। मुझे भारत और पूरी दुनिया में महिला क्रिकेट की बढ़ोत्तरी के लिए योगदान देने में खुशी होगी। मेरे सभी फैंस का बहुत धन्यवाद।' आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।

39 वर्षीय मिताली ने क्रिकेट में ऐसे किया राज 

39 वर्षीय क्रिकेटर मिताली के राज की बात करें तो वे टीम इंडिया में 26 जून 1999 को शामिल हुईं थी। 23 साल से भारतीय टीम के लिए खेलते हुए 10 हजार 868 रनों का स्कोर खड़ा किया जो। वर्ष 2000 में भारत के लिए पहला विश्व कप खेलने वाली मिताली ने 2005, 2009, 2013, 2017 और 2022 में भी टीम इंडिया के खेला। सबसे ज्यादा विश्व कप खेलने के मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड की पूर्व क्रिकेटर डेब्बी हॉकली और इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स तक को पीछे छोड़ दिया। महिला क्रिकेटरों में मिताली के बाद झूलन गोस्वामी ही हैं जिन्होंने भारत के लिए सबसे ज्यादा विश्व कप खेले। उन्होंने पांच विश्व कप खेले। मिताली के अलावा सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही हैं जिन्होंने सर्वाधिक 6 विश्व कप में प्रदर्शन किया।