राष्ट्र ही सर्वप्रथम ! भारतीय सेना के सम्मान में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरा रतलाम, पाकिस्तान मुर्दाबाद और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे किए बुलंद
भारतीय सेना के सम्मान में नागरिक सुरक्षा मंच द्वारा रतलाम में तिंरगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ।

नागरिक सुरक्षा मंच ने किया तिरंगा रैली का आयोजन, भारत माता की आरती के साथ हुआ समापन
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय सेना के सम्मान में रतलाम सड़क पर उतरा। राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा मंच के तत्वाधान में विशाल तिरंगा रैली में रतलाम वासियों ने देश भक्ति के नारे बुलंद किए। रैली में धर्माचार्यों और सभी धर्मावलंबियों ने शामिल होकर सर्वधर्म सद्भाव का संदेश दिया। रैली का समापन भारत माता की आरती कर किया गया।
तिरंगा रैली का आयोजन नागरिक सुरक्षा मंच द्वारा किया गया था। यह महलवाड़ा से प्रारंभ हुई और पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, गणेश देवरी, बजाज खाना, तोपखाना, चांदनी चौक, चौमुखीपुल होते हुए घास बाजार तिराहे पर भारत माता की आरती के साथ सम्पन्न हुई। रैली में आगे-आगे भारतीय सेना के सेवानिवृत सैनिक, रानी लक्ष्मीबाई के रूप की प्रतिकृति, इसके बाद खुल जीप में भारत माता की प्रतिकृति, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। रैली में धर्म गुरु हाथ में तिरंगा थामकर चल हहे थे।
राष्ट्र सर्वप्रथम के नारे गूंजे
शहरवासी पाकिस्तान मुर्दाबाद, हिन्दुस्तान जिंदाबाद और हम सेना के साथ हैं, ऑपरेशन सिन्दूर के साथ देश खड़ा है जैसे स्लोगन की तख्तियां थामे चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह रैली का स्वागत भी किया गया। इस दौरान सभी ने एक स्वर में राष्ट्र को ही सर्वप्रथम बताया।
पूरा देश सेना के साथ खड़ा है- चेतन्य काश्यप
तिरंगा रैली के बाद कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पूरा देश सेना के साथ खड़ा है। ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की आन-बान और शान को बढ़ाया है। उसके सफल परिणामों के बाद सैनिकों का आत्मबल बढ़ाने के लिए पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के हाथों में भारत सुरक्षित है और पाकिस्तान की हर हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। प्रधानमंत्रीजी ने कहा भी है कि अब कोई आतंकी हमला होगा तो उसे युद्ध माना जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के कई पैमाने है। इसके माध्यम से पूरी दुनिया ने भारत की ताकत को देख लिया है।
ये हुए शामिल
रैली में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु, मध्यम व उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, महापौर प्रहलाद पटेल, पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी, भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, रैली संयोजक पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, सहसंयोजक निर्मल कटारिया, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, पूर्व महापौर आशा मौर्य, वरिष्ठ नेता कन्हैयालाल मौर्य, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं शहरवासी शामिल हुए।