पीएम नरेंद्र मोदी झूठ बोलने की मशीन, जो कायर थे वो संघ में चले गए, बहादुर चुनावी जंग में हमारे संग- चरण सिंह सपरा
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने यहां पत्रकार वार्ता में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को झूठ की मशीन तो 1947 में संघ में जाने वाले और अभी कांग्रेस छोड़ने वालों को कायर कह डाला।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने यहां बड़ी बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठ की मशीन और डर का व्यापारी बताया। वहीं कांग्रेस छोड़ कर जाने वालों को कायर बताया। उन्होंने कहा कि जो कायर थे वे संघ में चले गए और बहादुर चुनावी जंग में हमारे संग हैं। उन्होंने 1947 में आरएसएस में जाने वालों को भी कायर बताया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सपरा बुधवार को रतलाम में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। प्रवक्ता सपरा ने नेताओं और कार्यकर्ताओं के कांग्रेस छोड़ने को लेकर कहा कि- ये एक जंग चल रही है कि एक इंकलाब आ रहा है…, जैसे 1974 में इंकलाब आया था। उस समय में जो कायर थे वो संघ (RSS) में गए, जो बहादुर थे वो जंग में गए…। अभी भी जो बहादुर हैं वो हमारे साथ हैं, जो कायर हैं वो संघ के साथ हैं, ये सीधी बात है। ऐसा नहीं है कि ऐसा नहीं है कि सिर्फ कांग्रेस से लोग भाजपा में जा रहे हैं। दोनों ओर से पार्टी बदलने के आंकड़े लगभग समान है। हमारे यहां आउटगोइंग है तो इनकमिंग भी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के तीन विधायक ने भाजपा से समर्थन वापस लेकर कांग्रेस को समर्थन दे दिया है, वहीं महाराष्ट्र के महापौर भी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
प्रधानमंत्री जो कहते हैं उसमें सच्चाई नहीं रहती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ की मशीन हैं। वे जो भी कहते हैं, उसमें सच्चाई नहीं रहती। वे डर का व्यापार करना चाहते हैं। सभाओं में अनर्गल बातें कह रहे हैं। वोट की खातिर दहशत फैलाने के प्रयास में जुटे हैं। पिछले 10 साल से देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। रेलवे के दाहोद-इंदौर, छोटा उदयपुर-धार रेलवे लाइन तथा रतलाम-डूंगरपुर व्हाया बांसवाड़ा रेल प्रोजेक्ट में डबल इंजिन की सरकार के दौरान भी फंड उपलब्ध नहीं करवाया गया। इस कारण प्रोजेक्ट को गति नहीं मिल पाई। मध्य प्रदेश के धार और खरगोन में मोदी की सभा में उन्होंने महंगाई पर एक शब्द भी नहीं कहा। क्या उन्हें पेट्रोल के भाव कम नहीं करना चाहिए? क्या बेरोजगारी को खत्म करने पर प्रधानमंत्री के नाते उन्हें नहीं बोलना चाहिए…?
मोदी परिवार में आदिवासियों की जगह नहीं
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार आदिवासी समाज की उपेक्षा ही करती आई है। यहां तक कि आदिवासी समाज की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मुर को श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में नहीं बुलाया गया। उन्हें नए संसद भवन उद्घाटन समारोह में नहीं न्यौता गया। यानी मोदी परिवार में आदिवासियों की कोई जगह नहीं है।
400 पार का नारा संविधान बदलने का गोपनीय एजेंडा
प्रवक्ता सपरा ने कहा कि भाजपा का 400 पार दावे के पीछे संविधान बदलने का गोपनीय एजेंडा है। मोदी सरकार के मंत्री यह सार्वजनिक रूप से बोल चुके हैं। इसके विपरीत कांग्रेस हमेशा सभी वर्ग के विकास की बात करती आई है। उन्होंने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की 16 सीटें आने की उम्मीद जताई है। प्रेस वार्ता में कांग्रेस के शिव भाटिया, मनोज उपाध्याय, पारस सकलेचा, महेंद्र कटारिया, जोएब आरिफ जॉनी भाई सहित अन्य मौजूद रहे।