मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण कल से, 5 लाख हितग्राही होंगे लाभान्वित, कलेक्टर ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत रतलाम जिले के 5 लाख हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। इसके लिए सभी तैयारी पूरी हो गई हैं। अभियान 10 मई को शुरू होगा।

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण कल से, 5 लाख हितग्राही होंगे लाभान्वित, कलेक्टर ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की तैयारी की समीक्षा करते कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण की तैयारियां रतलाम जिले में पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा मंगलवार शाम बैठक लेकर अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। अभियान के तहत कैंप आयोजित कर के आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। अभियान का 10 मई को शुरू होगा। इस दौरान कार्यालयों में आवेदन लेने का सिलसिला प्रारंभ हो जाएगा। विभागों के पास पूर्व से लंबित आवेदनों के अलावा अभियान में प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान  द्वितीय चरण 10  से 31 मई तक चलेगा। 16 से 25 मई तक कैंप आयोजित किए जाएंगे। नगरीय निकायों के 184 वार्डो तथा ग्रामीण के प्रत्येक गांव में कैम्प आयोजित किए जाएंगे। जिले में अभियान के दौरान लगभग 5 लाख हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है जिसकी तैयारियां विभागों ने की हैं। 15 विभागों की 67 सेवाएं प्रदान की जाएंगी। बैठक में कलेक्टर सूर्यवंशी ने बताया कि 67 सेवाओं के अलावा भी आवेदन आते हैं तो उनका निराकरण भी अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। पूर्ण समन्वय एवं गंभीरता के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा अनुसार अभियान को सफल बनाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने आगामी 3 दिवसों में 40 हजार जाति प्रमाण-पत्र बनाने का लक्ष्य अधिकारियों को दिया। राजस्व विभाग द्वारा 2771 नामांतरण, 628 बंटवारे का निपटारा किया जाने वाला है।

15 विभागों की 67 सेवाओं की समीक्षा की

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर सूर्यवंशी ने 15 विभागों की 67 सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि घर-घर पहुंचकर नागरिकों से पूछें कि आपको कोई समस्या तो नहीं है। इस अभियान में लगभग शत-प्रतिशत नागरिक आवेदनों का निराकरण कर दिया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले वाले शिविरों का प्रारंभ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा।

इन स्थानों पर लगेंगे शिविर

रतलाम शहर के समस्त वार्डों हेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। वार्डों को क्लब करके अलकापुरी कम्युनिटी हॉल, आंबेडकर हाल, नगर निगम आईटी सेल, हरमाला पंप हाउस, नरसिंह वाटिका पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन विभागों की योजनाओं का मिलेगा लाभ

जिन 15 विभागों की सेवाएं अभियान के दौरान नागरिकों को प्रदान की जाएगी उनमें ऊर्जा, श्रम, आदिम जाति कल्याण, उच्च शिक्षा, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, सहकारिता, तकनीकी शिक्षा कौशल विकास एवं रोजगार, उद्यानिकी, परिवहन, राजस्व, सामान्य प्रशासन, नगरीय विकास एवं आवास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास योजना, आर्थिक सांख्यिकी एवं लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग शामिल हैं।