तैयारी शुरू : राज्य स्तरीय रीजनल इंडस्ट्रीज, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट (राइज) कॉनक्लेव 27 जून को रतलाम में, CM मोहन यादव रहेंगे उपस्थित, कैबिनेट मंत्री काश्यप ने लिया तैयारियों का जायजा

एमपीआईडीसी द्वारा रतलाम में 27 जून को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में राज्य स्तरीय रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा।

Jun 20, 2025 - 23:11
 0
तैयारी शुरू : राज्य स्तरीय रीजनल इंडस्ट्रीज, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट (राइज) कॉनक्लेव 27 जून को रतलाम में, CM मोहन यादव रहेंगे उपस्थित, कैबिनेट मंत्री काश्यप ने लिया तैयारियों का जायजा
इंडस्ट्रीज कॉनक्लेव की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने अधिकारियों की बैठक ली।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में 27 जून को रतलाम में राज्य स्तरीय रीजनल इंडस्ट्रीज, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट (राइज) कॉन्क्लेव का आयोजन होगा। इसकी तैयारियों को लेकर शहर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कलेक्टर व एसपी सहित संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।

कॉनक्लेव के संबंध में मंत्री काश्यप ने कलेक्टर राजेश बाथम, एसपी अमित सिंह, एमपीआईडीसी के निदेशक राजेश राठौड़, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम शहर एवं प्रभारी कमिश्नर नगर निगम रतलाम अनिल भाना को कॉनक्लेव के सफल आयोजन के संबंध में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजन को लेकर आम्बेडकर ग्राउण्ड में होने वाली पार्किंग व्यवस्था की जानकारी भी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन के समय यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए।

सीएम उद्योगपतियों व निवेशकों से करेंगे संवाद

कॉनक्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. यादव उद्योगपतियों / निवेशकों से तीन सेशन में अलग-अलग वन-टू-वन चर्चा करेंगे। मंत्री काश्यप ने इसके लिए सभी आवश्यक व्यस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हितग्राहियों / लाभार्थियों को ऋण वितरण / हितलाभ वितरण की तैयारी पूर्व से रखने के लिए कहा। मुख्यमंत्री सफल उद्योगपतियों से भी संवाद करेंगे। इसके लिए हितग्राहियों की सूची तैयार करने के निर्देश भी काश्यप ने दिए।

भूमिपूजन, लोकार्पण, ऋण वितरण सहित बहुत कुछ होगा 

एमपीआईडीसी के निदेशक राजेश राठौड़ ने बताया कि इस कॉनक्लेव में 2500 से अधिक प्रतिभागी सम्मिलित होंगे। इसमें एक लाख पात्र को स्व-रोजगार के लिए ऋण वितरित किया जाएगा। 350 करोड़ से अधिक की लागत के 35 से अधिक औद्योगिक क्षेत्रों व क्लस्टर में भवनों का भूमिपूजन और लोकार्पण होगा। इसके अलावा 1500 करोड़ से अधिक निवेश की 50 से अधिक इकाइयों का भूमिपूजन व लोकार्पण होगा। कॉनक्लेव में 500 से अधिक  उद्यमियों को आशय-पत्र व भूमि आवंटन किया जाएगा एवं 500 से अधिक युवाओं को ऑफर लेटर का वितरण होगा। मुख्यमंत्री द्वारा 100 से अधिक लाभार्थियों को लोकमाता देवी अहिल्याबाई प्रशिक्षण कार्यक्रम योजना के तहत अनुदान भी दिया जाएगा।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।