भाजपा सरकार के अच्छे काम जन-जन तक ले जाएं, मतभेद भुलाकर एकजुटता से पार्टी को मजबूत करें- मुख्यमंत्री शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मतभेद भुलाकर पार्टी की जीत के लिए जुटने का आह्वान किया।

भाजपा सरकार के अच्छे काम जन-जन तक ले जाएं, मतभेद भुलाकर एकजुटता से पार्टी को मजबूत करें- मुख्यमंत्री शिवराज
भाजपा पदाधिकारी एवं अपेक्षित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जिला भाजपा द्वारा आयोजित ‘‘पदाधिकारी एवं अपेक्षित कार्यकर्ता सम्मेलन’’ में कहा 

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कई अच्छे काम किए है। केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के साथ मिलकर डबल इंजन की सरकार देश को वैभवशाली एवं समृद्धशाली बनाने में जुटी है। मोदी का प्रधानमंत्री होना हमारा सौभाग्य है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार के अच्छे काम को जन-जन तक ले जाए और मतभेद भुलाकर एकजुटता से पार्टी को मजबूत करे। बूथ विस्तारक अभियान के माध्यम से पार्टी इतनी विस्तारित हो रही है। 6 मतदाताओं पर एक कार्यकर्ता कार्य करेगा तो भाजपा को कोई पराजित नहीं कर सकेगा।

यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जोधाबाग में जिला भाजपा द्वारा आयोजित ‘‘पदाधिकारी एवं अपेक्षित कार्यकर्ता सम्मेलन’’ में कही। उन्होंने कहा कि आने वाला समय चुनाव का है। कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर जनता के बीच जाकर चर्चा करें। उन्हें बताएं कि अर्थव्यवस्था में पहले मध्य प्रदेश का नंबर 28वां था और आज हम टॉप-10 में आ गए हैं। 21 हजार करोड़ के बजट से बढ़कर सरकार का बजट 3 लाख 14 हज़ार करोड़ हो गया है। प्रति व्यक्ति आय 13 हज़ार रुपए हुआ करती थी जो आज 1 लाख 40 हज़ार रुपए जा पहुँची है। भारत की अर्थव्यवस्था में मध्य प्रदेश का योगदान 3 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 4.6 प्रतिशत हो गया है। इसी प्रकार सिंचाई, बिजली उत्पादन, रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में प्रदेश ने उन्नति की है।

लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाना पुण्य का काम

मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यकर्ताओं से लाड़ली बहना योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र बहनों को दिलाने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि यह योजना पुण्य का काम है। इसके पंजीयन के लिए फिर से शिविर लगाए जाएगे। चौहान ने कहा कि आने वाला समय मध्य प्रदेश को तेजी से आगे बढ़ाने का समय है। कार्यकर्ता अपने मतभेदों को भुलाकर एकजुट हो जाए और भाजपा को सशक्त बनाए। सम्मेलन को भाजपा के जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष ने दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि विधानसभा चुनाव में जिले की पाँचों विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। 

भाजपा की सदस्यता ग्रहण की

जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि सम्मेलन में सैलाना के पूर्व विधायक लाहलिंग देवदा के साथ मनीष जैन एवं रतलाम के पार्षद बलराम भट्ट ने भाजपा की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री चौहान ने उनका स्वागत किया। सम्मेलन का संचालन और आभार प्रदर्शन जिला महामंत्रियों ने माना। 

ये रहे मौजूद

इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री ओ.पी.एस. भदौरिया, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, दिलीप मकवाना, पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई, महापौर प्रहलाद पटेल, पूर्व विधायक संगीता चारेल, जितेन्द्र गेहलोत, मथुरालाल डामर, संस्कृत बोर्ड के अध्यक्ष भरत बैरागी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।